बरेली में और बढ़ेगी सख्ती, रियायत तो अभी भूल जाएं
लॉकडाउन थ्री में रेड जोन बरेली में सख्ती और बढ़ने जा रही है। करीब 21 दिन तक नए केस न मिलने और सुधार की रिपोर्ट पर इसे ऑरेंज जोन में बदला जाएगा। शाहजहांपुर को काफी राहत मिलने जा रही है तो बदायूं को मामूली रियायत मिलेगी।
डीआईजी रेंज राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि रेड जोन में लॉकडाउन पहले की तरह ही लागू रहेगा, जबकि वाहनों की चेकिंग में कुछ और सख्ती हो सकती है। पुलिस आवाजाही को पूरी तरह प्रतिबंधित करेगी। बताया कि 21 दिन सही स्थिति होने पर बरेली को ऑरेंज जोन और फिर सुधार के बाद ग्रीन जोन में तब्दील किया जा सकेगा।
डीआईजी ने बताया कि ऑरेंज जोन वाले जिलों में बाइक पर अकेले व्यक्ति को ही जाने की छूट मिलेगी। वहीं ऊबर या ओला टैक्सी में ड्राइवर के साथ एक व्यक्ति को बैठकर जाने की छूट होगी। ग्रीन जोन रखे गए शाहजहांपुर में दुकानें व कार्यालय पचास फीसदी स्टाफ के साथ सामाजिक दूरी का पालन करते हुए खुलेंगी। शराब की दुकानें भी खोली जा सकेंगी। कुछ बसें भी चलाई जा सकेंगी।
एसएसपी ने खड़े होकर कराए चालान, अब बाइक पर एक ही सवार
लॉकडाउन थ्री में बरेली के रेड जोन में आने का पता लगते ही एसएसपी शैलेश पांडेय ने मॉडल टाउन पुलिस चौकी पर खड़े होकर खुद वाहनों को रोककर करीब 50 चालान कराए।
एसएसपी ने कहा कि बाहर निकलने और वाहनों से घूमने पर पूरी रोक रहेगी। बेहद आवश्यकता पड़ने पर बाइक पर केवल एक ही व्यक्ति जा सकेगा और कार में दो लोग दूर बैठकर जाएंगे। इससे ज्यादा लोग मिलने पर वाहन सीज कर दिया जाएगा।
लॉकडाउन उल्लंघन की धारा में अलग से कार्रवाई होगी। इससे पहले एसएसपी ने डीएम के साथ हजियापुर व ब्रह्मपुरा के सील इलाके का भी दौरा किया। उन्हें बंदोबस्त ठीक मिला।