Special Trains: किराया 50 फीसदी तक ज्यादा... फिर भी लेटलतीफी, त्योहारी सीजन में स्पेशल ट्रेनों का हाल
रेलवे इस त्योहारी सीजन बरेली होते हुए कई विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इन ट्रेनों का किराया नियमिेत से ज्यादा है। फिर भी विशेष ट्रेनें देरी से चल रही है।
विस्तार
त्योहारी सीजन में बरेली होते हुए गुजरने वाली 190 नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं है। रेलवे ने बरेली होते हुए 52 त्योहार विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। नियमित ट्रेनों के मुकाबले विशेष ट्रेनों में किराया 50 फीसदी तक ज्यादा है। इसके बाद भी यह ट्रेनें लेटलतीफी का रिकार्ड बना रही हैं। यह हाल तब है जब सभी विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में दबाव बढ़ने से नियमित ट्रेनों की चाल भी बिगड़ रही है।
विशेष ट्रेनों में स्लीपर, एसी द्वितीय और एसी तृतीय श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। किराये की बात करें तो अन्य एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों में बरेली-लखनऊ के बीच स्लीपर श्रेणी का टिकट 185 से 210 रुपये है, जबकि विशेष ट्रेन में यह किराया 385 रुपये है। एसी श्रेणियों में किराया निम्न आय वर्ग की पहुंच से बाहर है। इसके बाद भी नियमित ट्रेनें फुल होने के कारण उनको विशेष ट्रेनों में टिकट बुक कराना पड़ रहा है।
ये विशेष ट्रेनें देरी से आईं
मंगलवार को 04497 बलिया-आनंद विहार विशेष ट्रेन छह घंटे, 04623 वाराणसी-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा विशेष ट्रेन पांच घंटे, 04095 अयोध्या-आनंद विहार विशेष ट्रेन दो घंटे, 03423 भागलपुर-हरिद्वार विशेष ट्रेन चार घंटे देरी से बरेली आई। सोमवार को भी चार विशेष ट्रेनों ने यात्रियों को सात घंटे तक इंतजार कराया था।
बरेली में 40 विशेष ट्रेनों का ठहराव
रेलवे इस त्योहारी सीजन बरेली होते हुए 52 विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इनमें 40 ट्रेनों को जंक्शन पर ठहराव दिया गया है। अप-डाउन 12 ट्रेनों का संचालन वाया चंदौसी-बरेली कैंट-शाहजहांपुर किया जा रहा है। नियमित ट्रेनों में सीटें फुल होने के कारण किराया ज्यादा होने के बाद भी विशेष ट्रेनों में तेजी से बुकिंग हो रही है।
बरेली-लखनऊ के बीच किराया
राजधानी एक्सप्रेस में एसी प्रथम श्रेणी - 1595
एसी द्वितीय श्रेणी- 1285
एसी तृतीय श्रेणी- 965
अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में
एसी प्रथम श्रेणी - 1255
एसी द्वितीय श्रेणी- 760
एसी तृतीय श्रेणी- 555
स्लीपर श्रेणी- 185-210
विशेष ट्रेनों में
एसी प्रथम श्रेणी - उपलब्ध नहीं
एसी द्वितीय श्रेणी- 1440
एसी तृतीय श्रेणी- 1050
स्लीपर श्रेणी- 385
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान ने बताया कि विशेष ट्रेनों का संचालन यात्रियों की जरूरत पर बतौर प्रीमियम ट्रेन किया जाता है। इसमें मूल किराया 30 फीसदी तक ज्यादा होता है। इसके अलावा अन्य सरचार्ज भी शामिल होते हैं इस कारण नियमित ट्रेनों के मुकाबले किराया ज्यादा हो जाता है। ट्रेनों के संचालन में समयबद्धता, संरक्षा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।