फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Six-Year-Old Student Dies After Falling into Well Near School in Bareilly

UP: बरेली में स्कूल के पास कुएं में गिरा कक्षा दो का छात्र, तड़प-तड़पकर मौत, फोन देखने में व्यस्त रहे शिक्षक

Thu, 07 May 2026 12:28 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, भुता (बरेली)
संवाद न्यूज एजेंसी, भुता (बरेली) Published by: Mukesh Kumar Updated Thu, 07 May 2026 12:28 PM IST
सार

बरेली के अदीनापुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल के छह वर्षीय छात्र लविश की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया गया कि लविश पानी पीने के लिए कुएं के पास गया था, जहां उसका पैर फिसल गया। इससे हादसा हो गया। 

विज्ञापन
Six-Year-Old Student Dies After Falling into Well Near School in Bareilly
छात्र को कुएं से निकालने का प्रयास करते लोग - फोटो : संवाद

विस्तार

बरेली के भुता थाना क्षेत्र के अदीनापुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल के पास कुएं में गिरने से कक्षा दो के छात्र लविश की मौत हो गई। बच्चे के पिता टिंकू बाबू ने स्कूल के प्रबंधक और दो शिक्षकों के खिलाफ लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि बच्चे के बड़े भाई ने शोर मचाया फिर भी ये लोग मोबाइल फोन देखने में मशगूल रहे।

विज्ञापन


पिता टिंकू बाबू ने थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को बताया कि छह साल का लविश कक्षा दो का छात्र था और अपने बड़े भाई अनुज के साथ स्कूल जाता था। सुबह करीब दस बजे इंटरवल के दौरान लविश कुएं के पास नल से पानी पीने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह करीब चालीस फीट गहरे कुएं में जा गिरा। इंटरवेल के बाद लविश स्कूल नहीं लौटा तो अनुज ने उसे तलाशना शुरू किया। उसे कुएं में गिरा देखकर अनुज व अन्य बच्चों ने शोर मचाया।
विज्ञापन


आरोप लगाया कि स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य चिरौंजीलाल, शिक्षक नरेंद्रपाल और शिल्पी को अनुज ने लविश के साथ हुई घटना के बारे में बताया। ये सभी लोग अपने मोबाइल को देखने में लगे थे। काफी देर बाद पहुंचे। तब तक पुलिस व ग्रामीण भी आ गए। लविश का शव कुएं के पानी में उतरा रहा था। सभी ने मिलकर लविश को कुएं से बाहर निकाला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेज दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह पानी में डूबने से पुष्ट हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन

परिजनों का आरोप
लविश के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि कुएं के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। स्कूल प्रबंधन को जब कुआं पास में होने की जानकारी थी तो उन्होंने स्कूल का गेट बंद क्यों नहीं किया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि लविश के पिता टिंकू बाबू ने स्कूल के प्रबंधक चिरौंजीलाल, शिक्षक नरेंद्रपाल और शिल्पी के खिलाफ लापरवाही बरतने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

स्कूल प्रबंधन ने दी सफाई
विद्यालय प्रबंधक चिरौंजीलाल ने बताया कि उनका विद्यालय कक्षा एक से पांच तक मान्यता प्राप्त है और इसमें लगभग पचास बच्चे पढ़ते हैं। उनके स्कूल में अनुज का प्रवेश था, लविश अपने भाई के साथ ही कुछ दिन से स्कूल आने लगा था। आरटीई के तहत उसका प्रवेश होना था लेकिन उम्र कुछ दिन कम होने से प्रवेश नहीं हो सका था। जिस कुएं में बच्चा गिरा, वह ग्राम पंचायत का सार्वजनिक कुआं है जिसमें मुंडेर नहीं है। लापरवाही का आरोप सही नहीं है। जैसे ही बच्चे के गिरने की बात पता लगी, मैं खुद कुएं में उतरने लगा। उनके स्कूल परिवार व पूरे गांव में इस घटना से शोक का माहौल है।

कुएं और गड्ढों को ढकने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने जिले के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूलों का निरीक्षण करें। यदि स्कूलों के आसपास कोई भी खुला कुआं, गहरा गड्ढा या खुला नाला मौजूद है, तो उसे तत्काल जाल डलवाकर या अन्य सुरक्षित माध्यमों से ढकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed