ITI Courses: आईटीआई में शुरू होंगे छह नए कोर्स, युवाओं को मिलेंगे नौकरी के बेहतरीन अवसर
आईटीआई विश्व बैंक, आईटीआई सीबीगंज और आईटीआई फरीदपुर में ये नए ट्रेड शुरू किए जा रहे हैं। इन ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए प्रदेश सरकार ने टाटा समूह के साथ एमओयू (समझौता) किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
युवाओं को आधुनिक तकनीकी के मुताबिक दक्ष बनाने के लिए बरेली के तीन आईटीआई में नए सत्र 2024-25 से छह नए ट्रेड की पढ़ाई शुरू होगी। इसमें विद्यार्थी न केवल ई-वाहनों के रखरखाव में विशेषज्ञ बनेंगे बल्कि रोबोट संचालन की विधा भी सीखेंगे। वस्तुओं की डिजाइनिंग, उनके मापन और आकार देने से निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया में सिखाई जाएगी।
आईटीआई विश्व बैंक, आईटीआई सीबीगंज और आईटीआई फरीदपुर में ये नए ट्रेड शुरू किए जा रहे हैं। इन ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए प्रदेश सरकार ने टाटा समूह के साथ एमओयू (समझौता) किया है। टाटा समूह की ओर से इसके लिए फरवरी के तीसरे सप्ताह तक सैटअप तैयार करके संस्थान को सौंप दिया जाएगा। करीब 72 फीसदी काम पूरा हो चुका है। आईटीआई अनुदेशकों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रदेश के 275 से अधिक आईटीआई संस्थानों में इन ट्रेड की पढ़ाई कराई जाएगी।
तीन संस्थानों में नए सत्र से छह नए ट्रेड होंगे शुरू
एडवांस सीएनसी मशीनिंग: इसकी मदद से सॉफ्टवेयर के जरिए कम लागत में आकर्षक डिजाइन तैयार करके लेजर मशीनों के जरिए उनकी कटिंग की जाती है। इससे लकड़ी, प्लास्टिक या लोहे आदि से आकर्षक चीजें तैयार की जा सकती हैं। इस ट्रेड में दक्ष अभ्यर्थियों के लिए एरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल, रक्षा क्षेत्र समेत कई अन्य क्षेत्रों में कॅरियर की काफी संभावनाएं हैं। इस कोर्स के लिए 24 सीटों पर आवेदन मांगे जाएंगे।
आर्टीसन यूजिंग एडवांस टूल्स: इसमें दक्ष अभ्यर्थियों को पदार्थ के गुणों को समझने की बेहतर परख होती है। इसका प्रयोग मुख्य रूप से थ्री डी तकनीक से डिजाइन तैयार करने में होता है। इसमें दक्ष युवाओं की मूर्तिकार, वाणिज्यिक कलाकार, दृश्य कलाकार, आर्किटेक्चर, डाईमोल्ड, खिलौने, फुटवियर मेकिंग, ज्वेलरी मेकिंग, बिस्किट एंड चॉकलेट मेकिंग, पेपर इंडस्ट्री व सेनेटरी मेकिंग समेत अन्य क्षेत्रों में खासी मांग रहती है। एक वर्षीय इस कोर्स के लिए 10 सीटों पर आवेदन मांगे जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई से शुरू होगी
आईटीआई विश्व बैंक की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक नए ट्रेड में दाखिलों के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई से शुरू होगी। इसके लिए अर्हता सामान्य आईटीआई के मुताबिक ही रहेगी।
मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन : इसमें दक्ष अभ्यर्थियों की भविष्य में विभिन्न उद्योग धंधों, कारखानों में खास मांग रहेगी। इस समय भी मेट्रो सिटी व बड़ी उत्पादन यूनिटों में ये ट्रेड प्रचलित है। एक वर्षीय इस कोर्स के लिए 20 सीटों पर आवेदन मांगे जाएंगे।
बेसिक्स ऑफ डिजाइनर एंड वर्चुअल वेरिफिकेशन (मैकेनिकल) : इस ट्रेड में प्रशिक्षित अभ्यर्थी तकनीकी के जरिए भविष्य की जरूरतों के मुताबिक मशीनों व प्लांट्स के कलपुर्जे तैयार करने और उनके तकनीकी सत्यापन में दक्ष होंगे।
इंडस्ट्री रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन : इसमें दो तरह के रोबोट्स को तैयार करने और उनसे काम लेने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले पिक एंड प्लेस रोबोट में- कारखानों में चीजों को एक से दूसरे स्थान पर रखने, उठाने का काम रोबोट्स से कराने की विधा सीखेंगे। दूसरे वेल्डिंग रोबोट में- मशीनों में वेल्डिंग आदि से जुड़े काम भी रोबोट्स से कराने का प्रशिक्षण मिलेगा। इसमें 20 सीटों पर आवेदन मांगे जाएंगे।
आईटीआई विश्व बैंक के प्रधानाचार्य टीकमशरण ने बताया कि रोजगार की दृष्टि से बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नई तकनीकी दक्षता की मांग बढ़ी है। इसी वजह से भविष्य में रोजगार की संभावनाओं के मुताबिक अलग-अलग ट्रेड का चयन किया गया है। टाटा समूह की मदद से इनका संचालन किया जाएगा। कुशल अभ्यर्थियों के लिए प्लेसमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।