{"_id":"6280268c9d00fb61161a55c0","slug":"rohilkhand-university-during-the-llb-examination-in-moradabad-four-students-sitting-on-one-table","type":"story","status":"publish","title_hn":"रुहेलखंड विश्वविद्यालय : एक परीक्षा ऐसी भी...एक ही टेबल पर चार-चार परीक्षार्थियों ने दिया इम्तिहान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रुहेलखंड विश्वविद्यालय : एक परीक्षा ऐसी भी...एक ही टेबल पर चार-चार परीक्षार्थियों ने दिया इम्तिहान
Sun, 15 May 2022 01:47 PM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, बरेली
अमर उजाला नेटवर्क, बरेली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 15 May 2022 01:47 PM IST
सार
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के उड़ाका दल ने मुरादाबाद के मुस्लिम पीजी कॉलेज में देखा यह नजारा। उड़ाका दल ने कहा- परीक्षा नहीं, लग रहा था कक्षा लगी है, प्रयोगशालाओं में बैठा दिए थे विद्यार्थी ।
विज्ञापन
एक मेज पर बैठे चार परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एलएलबी की परीक्षा में शुचिता तार-तार हो रही है। नकलविहीन परीक्षा कराने के दावे भी हवाई साबित हो रहे हैं। उड़ाका दल ने शनिवार को मुरादाबाद के मुस्लिम पीजी कॉलेज में छापा मारा तो एक टेबल पर चार-चार परीक्षार्थी परीक्षा देते मिले। उड़ाका दल ने यह नजारा देखकर कहा कि ऐसा लग रहा है कि परीक्षा नहीं, यहां कक्षाएं लग रही हैं। इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजी है। रिपोर्ट के मुताबिक परीक्षा केंद्र डिबार हो सकता है। विश्वविद्यालय के दो उड़ाका दल ने शनिवार को परीक्षा के दौरान नौ नकलची पकड़े।
विज्ञापन
रुहेलखंड विश्वविद्यालय का उड़ाका दल डॉ. रामबाबू सिंह के नेतृत्व में मुस्लिम पीजी कॉलेज मुरादाबाद पहुंचा। यहां देखा कि एक-एक टेबल पर चार-चार परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। प्रयोगशालाओं में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को पास-पास बैठाया गया है। देखकर लगा ही नहीं कि यहां परीक्षाएं हो रही हैं। कई परीक्षार्थी कंधे से कंधा मिलाकर बैठे पाया गए। यही नहीं, विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं में बैठने के लिए संसाधन तो मिल गए लेकिन उत्तर पुस्तिकाएं रखने के लिए सीमेंट की स्लैब मिली। उड़ाका दल ने कॉलेज के जिम्मेदारों से बात की कि ऐसा क्यों है।
विज्ञापन
उन्होंने यही बताया कि वह नहीं चाहते थे कि कॉलेज परीक्षा केंद्र बने। इसी केंद्र पर उड़ाका दल ने अलग कक्ष में तीन नकलची भी पकड़े। इसके बाद उड़ाका दल ने रजा पीजी कॉलेज रामपुर में भी एक नकलची पकड़ा। हिंदू कॉलेज मुरादाबाद का भी निरीक्षण किया। यहां अव्यवस्थाएं मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए। उड़ाका दल में डॉ. रुचि द्विवेदी, डॉ. मीनाक्षी द्विवेदी आदि शामिल रहीं।
विज्ञापन
बरेली के दो कॉलेजों में पकड़े गए पांच नकलची
विश्वविद्यालय के एक अन्य उड़ाका दल ने डॉ. अमित सिंह के नेतृत्व में कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। दल ने खंडेलवाल कॉलेज में पहली पाली की परीक्षा में दो छात्रों को नकल करते पकड़ा। उनके पास नकल की पर्चियां थीं। उसके बाद दल ने गंगाशील कॉलेज में निरीक्षण किया। यहां तीन नकलची पकड़े गए। इन पर कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। उड़ाका दल में डॉ. मनु प्रताप सिंह, डॉ. मदन लाल, डॉ. पवन कुमार शामिल थे।
मुस्लिम डिग्री कॉलेज मुरादाबाद में परीक्षा जैसा माहौल नहीं दिखा। एक-एक टेबल पर चार-चार विद्यार्थी परीक्षा दे रहे थे। प्रयोगशाला में भी काफी विद्यार्थियों को बैठाया गया था। परीक्षा केंद्र पर तमाम अव्यवस्थाएं मिलीं। कार्रवाई के लिए इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेजी है।
- डॉ. रामबाबू सिंह, उड़ाका दल प्रभारी, रुहेलखंड विश्वविद्यालय