पीईटी 2026: लखनऊ-मुरादाबाद के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन चलाएगा रेलवे, अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के लिए रेलवे लखनऊ-मुरादाबाद के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन चलाएगा। जल्द ही इसकी समय सारिणी जारी होगी। विशेष ट्रेन के संचालन से अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विस्तार
इस बार त्योहारी सीजन के बीच 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन भी होना है। बरेली में 23 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिन छह पालियों में 62 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस दौरान रेलवे मुरादाबाद-लखनऊ के बीच परीक्षा विशेष अनारक्षित ट्रेन का संचालन करेगा।
ट्रेन की समय सारिणी पर काम किया जा रहा है। समय सारिणी इस तरह से तैयार की जा रही है ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थियों को ट्रेन का लाभ मिल सके। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि समय सारिणी जल्द जारी कर दी जाएगी।
अगले माह आठ नियमित ट्रेनों में भी लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
दीपावली, भैयादूज और छठ पूजा के दौरान नवंबर के पहले और दूसरे सप्ताह रेलवे आठ नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त स्लीपर व एसी तृतीय श्रेणी के कोच लगाएगा। इससे पहले बरेली होकर गुजरने वाली 10 विशेष ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की जा चुकी है।
त्योहार से पहले ज्यादातर नियमित ट्रेनें फुल हैं। काफी संख्या में यात्रियों के पास वेटिंग टिकट भी हैं। इन गाड़ियों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने के बाद काफी संख्या में वेटिंग टिकट कन्फर्म होने का रास्ता साफ हो जाएगा। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि अतिरिक्त कोच वाली नियमित ट्रेनों की सूची जल्द जारी कर दी जाएगी।
सात घंटे तक देरी से चल रहीं विशेष ट्रेनें, नियमित की भी बिगड़ रही चाल
त्योहारी सीजन में लेटलतीफी का शिकार हो रहीं विशेष ट्रेनों के साथ ही नियमित की चाल भी बिगड़ रही है। नियमित के मुकाबले किराया ज्यादा होने के बाद भी यह गाड़ियां सात घंटे तक इंतजार करा रही हैं। मंगलवार को बरेली होकर गुजरने वाली छह विशेष ट्रेनें देरी से आईं। इस दौरान 10 से ज्यादा नियमित गाड़ियां भी लेटलतीफी का शिकार हुईं।