Bareilly News: रेलकर्मी ने देवताओं को लेकर की आपत्तिजनक टिप्पणी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी रेलकर्मी इज्जतनगर रेल मंडल के डिपो स्टोर में जूनियर क्लर्क के पद पर तैनात है और रेलवे कॉलोनी में रहता है। आरोप है कि उसने देवताओं पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की। लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी।
विस्तार
बरेली में रेलवे कर्मचारी ने देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे लोगों की भावनाएं आहत हो गई। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
व्हाट्सएप ग्रुप में रेलकर्मी विकास जोरवाल की ओर से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद खासी हलचल रही। कुछ लोगों ने इसके स्क्रीनशॉट पुलिस अधिकारियों को शेयर कर दिए। रेलकर्मी की फेसबुक आईडी की फोटो भी एक्स पर शेयर की गई। फेसबुक आईडी पर उसका नाम विकास जोरवाल और निवासी बामनवास राजस्थान लिखा है।
बताया जा रहा है कि विकास जोरवाल इज्जतनगर रेल मंडल के डिपो स्टोर में जूनियर क्लर्क के पद पर तैनात है और रेलवे कॉलोनी में रहता है। वह काफी टशन में रहता है और रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालता रहता है।
अब इंस्टाग्राम पर डाले गए उसके टशन वाले वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में सजा सात साल से कम है, इसलिए उसे नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया गया। विवेचना के बाद चार्जशीट लगाई जाएगी।
आरोपी को बर्खास्त करने की मांग
डीआरएम से आरोपी रेलवे कर्मी विकास जोरवाल को बर्खास्त करने की मांग भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि शुरुआत एक जातीय पोस्ट शेयर करने को लेकर हुई। उसने एक जाति को लेकर बेहूदा टिप्पणी की। इसके बाद बहस बढ़ गई।