{"_id":"57b9484f4972e7377d5300e6dedcd66d","slug":"prasashan-hindi-news-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"कमिश्नर ने मांगा बारिश से नुकसान का ब्योरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कमिश्नर ने मांगा बारिश से नुकसान का ब्योरा
बरेली
Updated Tue, 07 Apr 2015 01:44 AM IST
विज्ञापन
कमिश्नर प्रमांशु कुमार ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों से कहा है कि मार्च महीने और अप्रैल के पहले सप्ताह में बारिश से हुई क्षति का सर्वे कराके मंगलवार तक रिपोर्ट भेज दें। इसी सर्वे के आधार पर प्रदेश सरकार आर्थिक मदद देगी। मार्च के महीने में 50 फीसदी से अधिक फसलों की क्षति वाले किसानों के लिए मंडल के चारों जिलों में क्षति का सर्वे करने के बाद 53 करोड़ 59 लाख रुपये मिले थे। इनमें से 20 करोड़ तीन लाख बांट दिए गए हैं। बाकी की रकम को दो दिन के अंदर पीड़ित किसानों में बांटने के आदेश किए हैं। इस वितरण का जायजा लेने के लिए मंडलीय अधिकारियों टीम बनाई गई है जो कि अचानक निरीक्षण करके गांवों में सत्यापन करेगी।
विज्ञापन
कमिश्नर ने बताया कि बदायूं जिले ने 33 हजार प्रभावित किसानों के लिए 16 करोड़ 34 लाख रुपये मांगे थे, इसमें से नौ करोड़ रुपयों का वितरण किया जा चुका है। पीलीभीत ने तीन करोड़ 73 लाख रुपये में से 2.19 करोड़ का वितरण किसानों को कर दिया है। बरेली ने 16 करोड़ 67 लाख रुपये मांगे थे, उसमें से डेढ़ करोड़ रुपये का वितरण किया जा चुका है। प्रदेश सरकार ने इतनी ही धनराशि दी थी, अवशेष राशि की मांग की गई है। शाहजहांपुर ने 16 करोड़ 85 लाख रुपये मांगे हैं लेकिन अभी तक कुछ नहीं मिला है। मांग के अनुसार अवशेष रकम मंगलवार तक मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
विज्ञापन