{"_id":"62c5449313dd9e2bb3647eb8","slug":"police-traced-missing-youth-of-bareilly","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP News: मां मारती थी न कमाने का ताना, पिता के रुपये लेकर फरार हुआ बेटा; साइकिल खरीद बरेली से उत्तराखंड निकला था कमाने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP News: मां मारती थी न कमाने का ताना, पिता के रुपये लेकर फरार हुआ बेटा; साइकिल खरीद बरेली से उत्तराखंड निकला था कमाने
Wed, 06 Jul 2022 01:45 PM IST
वेद प्रकाश गुप्ता
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, बरेली
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, बरेली
Published by: वेद प्रकाश गुप्ता
Updated Wed, 06 Jul 2022 01:45 PM IST
सार
पुलिस को जब युवक मिला तो उसने बताया कि मां कुछ कमाई न करने का ताना देती थी। इसलिए वह पैसे कमाने चला गया था।
विज्ञापन
crime
- फोटो : amar ujala
विस्तार
व्यापारी ने बैंक में जमा कराने के लिए दिए गए 1.33 लाख रुपये के साथ बेटे के लापता होने के बाद उसके अपहरण की रिपोर्ट लिखा दी। मंगलवार को पुलिस ने उसे बरामद किया तो उसने अलग ही कहानी सुनाई। उसने कहा कि मां उसे कुछ न कमाने का ताना देती थी, इसलिए पिता के दिए पैसों से कुछ कमाई करने के लिए वह खुद ही उत्तराखंड जा रहा था।
विज्ञापन
सुभाष नगर की अवधपुरी कॉलोनी में रहने वाले खाद्य व्यापारी ने सोमवार दोपहर बदहवास हालत में थाना सुभाषनगर पहुंचकर 12वीं में पढ़ने वाले बेटे के लापता होने की सूचना दी। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने बेटे को 1.33 लाख रुपये बैंक में जमा कराने के लिए दिए थे। काफी देर वह घर नहीं लौटा तो उन्होंने बैंक जाकर पूछताछ की। पता लगा कि वह बैंक पहुंचा ही नहीं था। व्यापारी ने बड़ी रकम के साथ बेटे के लापता होने के कारण उसके अपहरण की आशंका जताई।
विज्ञापन
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर व्यापारी से उनके बेटे का मोबाइल नंबर ले लिया। फोन को सर्विलांस पर लगाने पर पता चला कि व्यापारी का बेटा नैनीताल रोड पर है और नैनीताल की तरफ बढ़ रहा है। व्यापारी को साथ लेकर पुलिस भी नैनीताल रोड पर निकल गई। मोबाइल फोन बहेड़ी में ट्रेस हुआ तो पुलिस भी बहेड़ी में रुककर लड़के को तलाश करने लगी। कुछ देर बाद वह खाने के एक स्टॉल पर मिल गया।
विज्ञापन
पुलिस व्यापारी के बेटे को लेकर बरेली लौटी और थाने में उससे पूछताछ की। उसने बताया कि उसकी मां उसे लगातार कुछ कमाई न करने का ताना देती थीं। इसी वजह से मां की दी रकम लेकर वह कुछ व्यवसाय करने उत्तराखंड जा रहा था। उसने बताया कि बहेड़ी में वह भूख लगने की वजह से कुछ खाने रुक गया था।
साइकिल पर कर रहा था यात्रा, इसलिए पकड़ा गया
व्यापारी के बेटे ने मां की दी गई रकम से 16 हजार रुपये की कीमत की रेंजर साइकिल खरीदी थी और उसी से वह उत्तराखंड जा रहा था। इसी कारण आसानी से पुलिस की पकड़ में आ गया। उसने पुलिस को बताया कि बाकी रकम से उसका उत्तराखंड जाकर कुछ काम करने का इरादा था। पुलिस ने उसके पास से बाकी रकम बरामद कर ली है।