Bareilly: अनीता हत्याकांड के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, शाही इलाके में गठित की गईं सात टीमें
बरेली के शाही इलाके में अनीता देवी की हत्या के बाद पुरानी घटनाओं व खुलासों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं अनीता देवी हत्याकांड के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ऐसा सुराग नहीं लगा है, जिससे जांच को दिशा मिल सके।
विस्तार
बरेली के शाही थाना क्षेत्र में सिलसिलेवार तरीके से हुईं महिलाओं की हत्या का सच सामने लाने के लिए नए सिरे से कवायद शुरू होगी। अनीता की हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बृहस्पतिवार शाम एडीजी और आईजी ने घटनास्थल का दौरा कर टीमों के कामकाज की समीक्षा की। छह महीने पहले की तरह अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मंगलवार को बुझिया जागीर गांव में हौसपुर निवासी अनीता देवी का शव मिलने के बाद पुरानी घटनाओं व खुलासों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटनास्थल पर पहुंचे एडीजी रमित शर्मा व आईजी डॉ. राकेश कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत की। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा, एसपी दक्षिणी मानुष पारीक, सीओ बहेड़ी, सीओ हाईवे व सीओ मीरगंज को संयुक्त टीम बनाकर कांबिंग करने व हकीकत का पता लगाने के निर्देश दिए।
अफसरों ने ग्रामीणों से छोटी-छोटी सूचनाएं पुलिस को देने के निर्देश दिए। कहा कि थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें। महिलाएं अकेले बाहर न जाएं। संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस ग्राम प्रधानों के साथ समिति गठित कर ग्रामीणों का सहयोग ले।
एडीजी व आईजी ने शाही थाने में बैठक की। पहली बार जहां शव देखा गया था, दोबारा लोग वहां पहुंचे तो वह सौ मीटर दूरी पर मिला था। अफसरों ने पुलिस को इस बिंदु पर जांच करने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने दरोगा से लेकर बीट सिपाहियों को एक-एक कर बुलाया और फीडबैक लिया। लापरवाही सामने आने पर बर्खास्तगी की चेतावनी दी।
मौके से दो किमी पहले तक की मिली फुटेज
अधिकारियों ने बुझिया माइनर अड्डे पर लोगों से जानकारी ली। महिला बहां उतरकर खड़ंजा मार्ग से गई थी। मृतका के पति सोमपाल एवं उसके बेटे से भी पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों में घटनास्थल से दो किमी पहले तक की फुटेज मिली है। महिला शाही तिराहे पर एक ई-रिक्शा से उतरकर दूसरे ई-रिक्शा में बैठी थी। फुटेज के हिसाब से दोनों ई रिक्शा में दो-तीन अन्य लोग हैं जो दोनों ही जगह लगभग समान हैं। ऐसे में लूट की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है।
महिला और पति दोनों की दूसरी शादी
महिला अनीता और उसके पति सोमपाल दोनों की ही यह दूसरी शादी थी। महिला का पूर्व पति से तलाक हो चुका है और 20 साल का बेटा राजीव उसके साथ रहता है। सोमपाल की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी और सोमपाल का 22 साल का बेटा आनंद भी संयुक्त परिवार में रहता है। पारिवारिक पृष्ठभूमि और अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है।