दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: आलिम ने आनंद बनकर लूटी थी छात्रा की आबरू, धर्मांतरण का बनाया था दबाव
आलिम ने आनंद बनकर छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसाया। दिखावे के लिए मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरा। इसके बाद आरोपी उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पहचान खुलने पर पीड़ित ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
बरेली में आनंद बनकर छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपी आलिम को थाना देवरनिया पुलिस ने 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पहचान छिपाकर छात्रा से दोस्ती की थी। इसके बाद उसे प्रेमजाल में फंसा लिया था। सच्चाई का पता लगने के बाद पीड़ित छात्रा ने उसके रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
देवरनिया क्षेत्र की एक छात्रा बरेली के राजेंद्रनगर में कोचिंग पढ़ने जाती थी। भोजीपुरा इलाके के आलिम ने आनंद बनकर उसे बातों में फंसा लिया। वह हाथ में कलावा बांधकर घूमता था। उसने दिखावे के लिए छात्रा से मंदिर में शादी भी की। इसके बाद अपने दोस्त के कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
Bareilly News: चैटिंग करने से रोका तो पत्नी ने खड़ा किया बखेड़ा, मायके वालों से पति को पिटवाया
आरोप है कि आलिम ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। वीडियो फोटो वायरल करने की धमकी देकर होटलों और दोस्तों के कमरे में ले जाकर संबंध बनाता रहा। जब वह गर्भवती हुई तो युवक के घर चली गई। वहां पता लगा कि वह दूसरे समुदाय का है और उसका नाम आलिम है।
नर्सिंग होम में कराया था गर्भपात
युवक के परिजनों ने धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराने की बात कही। उसने विरोध किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया। बाद में आरोपी ने उसे कोई दवा खिलाकर दो सप्ताह पूर्व हाफिजगंज के एक नर्सिंग होम में गर्भपात करा दिया। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया।
पीड़ित छात्रा ने देवरनिया थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट कराई। इंस्पेक्टर इंद्र कुमार की टीम ने बुधवार को वसुधरन चौराहे से आरोपी आलिम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर ने छात्रा का मेडिकल कराने के बाद न्यायालय में बयान कराए जाएंगे।