{"_id":"69b5bca57f4747614e0757ca","slug":"officers-absent-from-public-hearing-of-electricity-corporation-minister-who-arrived-to-cut-ribbon-gets-a-shock-bareilly-news-c-4-bly1053-843277-2026-03-15","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Bareilly News: विद्युत निगम की जनसुनवाई से अफसर नदारद, बुलावे पर पहुंचे मंत्री नाराज, फोन पर लगाई फटकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bareilly News: विद्युत निगम की जनसुनवाई से अफसर नदारद, बुलावे पर पहुंचे मंत्री नाराज, फोन पर लगाई फटकार
Sun, 15 Mar 2026 01:23 AM IST
बरेली ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
Published by: बरेली ब्यूरो
Updated Sun, 15 Mar 2026 01:23 AM IST
सार
बरेली में विद्युत निगम की ओर से एक बैंक्वेट हॉल में स्मार्ट चौपाल कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्मार्ट मीटर, बिलिंग, रिचार्ज व विजली विभाग से जुड़ी अन्य समस्याओं का समाधान किया जाना था। लेकिन निगम का कोई भी अफसर नहीं पहुंचा। कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे मंत्री ने इस पर नाराजगी जताई।
विज्ञापन
मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने फोन पर अफसर को लगाई फटकार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के संजयनगर के एक बैंक्वेट हॉल में शनिवार को विद्युत निगम की ओर से आयोजित चौपाल में अजीब नजारा दिखा। अफसरों के बुलावे पर मुख्य अतिथि वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार वहां पहुंचे तो मेजबान ही नदारद रहे। इसकी वजह जानने के लिए वन मंत्री ने फोन कॉल की तो मुख्य अभियंता ने उनसे बात तक नहीं की। इससे नाराज वन मंत्री ने अधीक्षण अभियंता को फोन कॉल करके फटकार लगाई। फिर चौपाल का उद्घाटन किए बिना ही वहां से लौट गए।
विज्ञापन
सुबह 11 बजे कार्यक्रम की शुरुआत होनी थी। वन मंत्री को 11:30 बजे पहुंचना था। वह निर्धारित समय से 45 मिनट देरी से पहुंचे। उन्होंने पूछा कि विद्युत निगम के अधिकारी व अभियंता आए हैं या नहीं। जवाब मिला- नहीं। इस पर वह हॉल से निकलकर बाहर आ गए। मौजूद लोगों ने कहा कि अंदर बैठ जाइए। लोगों की समस्याएं तो सुन लीजिए।
विज्ञापन
इस पर उन्होंने कहा कि समस्याएं सुनकर निस्तारण करने का आदेश किसको दूंगा? मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं ने यहां तक कहा कि जब अफसर मंत्री की नहीं सुन रहे हैं तो उनकी क्या सुनेंगे? इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। थक हारकर फरियादी भी लौट गए।
विज्ञापन
मायूस लौटे फरियादी
संजयनगर के मुकेश पाल ने कहा कि मैं किराये पर रहता हूं। पहले फोन पर बिल का मेसेज आ जाता था। अब आना बंद हो गया है। शाम पांच बजे से लाइट कट गई है। राजवीर सिंह ने कहा कि 11 दिन में 1,500 रुपये का बिजली का बिल आ गया। परिवार यहां रहता नहीं, सिर्फ लड़का ही घर पर रहता है। दुर्गानगर की नारायणी देवी ने कहा कि उनका बिल बढ़कर 4,715 रुपये हो गया। विधवा पेंशन ही जीने का सहारा है। अब यह रकम कहां से और कैसे जमा करूं।
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि विद्युत निगम की तरफ से मुझे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया था। मैं पहुंचा तो वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। यह घोर लापरवाही है। इसकी शिकायत करूंगा। अगली बार मुख्य अभियंता की मौजूदगी में शिविर लगवाऊंगा।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी इंटेली स्मार्ट की ओर से शिविर लगाया गया था। अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं दी गई। मंत्री की कॉल आई तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में था। बाद में बात कर उनको प्रकरण से अवगत करा दिया है। कंपनी के लोगों को भी चेताया है कि आगे ऐसा न हो।