रेस्टोरेंट में युवती की हत्या: वारदात को अंजाम देकर चला गया युवक, किसी को भनक तक नहीं, संदेह के घरे में स्टाफ
शाहजहांपुर में स्टाफ नर्स की हत्या के बाद पिज्जा हब रेस्टोरेंट के स्टाफ पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। युवती की हत्या कर युवक आराम से चला गया और किसी को भनक तक नहीं लग सकी। बताया जा रहा है कि पिज्जा हब की आड़ में होटल चल रहा था, जिसमें घंटे के हिसाब से कमरे दिए जाते थे।
विस्तार
शाहजहांपुर के मोहल्ला चार खंभा स्थित रेस्टोरेंट में दुपट्टे से गला कसकर स्टाफ नर्स की हत्या कर दी गई। उसका शव बृहस्पतिवार शाम रेस्टोरेंट में बने कमरे के बाथरूम में मिला। उसके साथ आया युवक फरार हो गया। युवती की हत्या के बाद पिज्जा हब के स्टाफ पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। युवती की हत्या कर युवक आराम से चला गया और किसी को भनक तक नहीं लग सकी। रेस्टोरेंट की आड़ में कमरे उपलब्ध कराने के खेल की हकीकत जांच में सामने आएगी।
युवती अपने घर से करीब साढ़े तीन बजे निकली थी। शाम करीब चार बजे वह अपने मित्र के साथ बाइक से रेस्टोरेंट में पहुंची। शाम पांच बजे आरोपी युवक शुभम वहां से चला गया। माना जा रहा है कि उसका और युवती का किसी बात पर विवाद हुआ होगा और उसने गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी। युवक के जाने के एक घंटे बाद जब उसका फोन नहीं लगा तब जाकर स्टाफ ने ऊपर जाकर देखा। युवती का शव बाथरूम में पड़ा मिला, तब पुलिस को सूचना दी गई। घटनाक्रम क्या रहा, इसकी सच्चाई आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही सामने आएगी।
कार्रवाई न होने पर बढ़ता रहा कारोबार
रेस्टोरेंट की आड़ में कमरे उपलब्ध कराने का व्यापार शहर में लंबे समय से फलफूल रहा है। गली-गली रेस्टोरेंट और पिज्जा पार्लर खुले हुए हैं। कई रेस्टोरेंट में घंटे के हिसाब से रुपये लेकर कमरे या प्राइवेसी उपलब्ध कराई जाती है। कई संगठनों ने कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से की, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। कार्रवाई न होने से अवैध धंधा करने वालों के हौंसले बुलंद होते गए। केरूगंज में इससे पहले भी एक व्यापारी के प्रतिष्ठान के ऊपर बने कमरों में युगल पकड़े गए थे। व्यापारी जेल भी गया था।
रोजा में एक गेस्ट हाउस में भी युगल पकड़े गए थे। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अशनील सिंह ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के शवगृह के बाहर पुलिस से इसको लेकर नाराजगी जताई। उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हो गई। अशनील सिंह का कहना था कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया गया।
सीसीटीवी कैमरे खराब मिले
चारखंभा से केरूगंज की ओर बढ़ने पर लगभग सौ मीटर की दूरी पर दाहिनी ओर जाने वाली गली में दो मंजिला रेस्टोरेंट संचालित होता है। रेस्टोरेंट में नीचे के हिस्से में ऑफिस और खाना खाने के लिए जगह है और ऊपर छह कमरे बने हुए हैं। रेस्टोरेंट में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
वारदात के बाद जब पुलिस ने जानकारी की तो कैमरे खराब होने की बात सामने आई। इसके बावजूद पुलिस ने पुराना रिकार्ड खंगालने के लिए डीवीआर कब्जे में ले ली है। फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने युवती के मोबाइल को कब्जे में लिया है। उसकी कॉल डिटेल निकाली जा रही है।