Bareilly: अब धार्मिक स्थलों के लिए लेने पड़ेंगे बिजली के कनेक्शन, मुख्य अभियंता ने जारी किए निर्देश
इज्जतनगर में एक धार्मिक स्थल के कनेक्शन से ही दुकानों में बिजली प्रयोग किए जाने की शिकायत आई थी। इस पर अधीक्षण अभियंता को मुख्य अभियंता ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बिना वैध कनेक्शन के कहीं भी बिजली का प्रयोग नहीं होने पाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में अगर किसी धार्मिक स्थलों में वैध कनेक्शन के बिना बिजली जलाई जा रही है तो कार्रवाई होगी। प्रत्येक मस्जिद और दरगाह के लिए कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। मुख्य अभियंता रणविजय सिंह ने इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।
राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार की ओर से बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में इज्जतनगर में एक धार्मिक स्थल के कनेक्शन से ही दुकानों में बिजली प्रयोग किए जाने की शिकायत पर मुख्य अभियंता ने अधीक्षण अभियंता को कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि बिना वैध कनेक्शन के कहीं भी बिजली का प्रयोग न होने पाए।
रहपुरा चौधरी में सबस्टेशन का निर्माण कई साल से ठप होने का मुद्दा उठा तो तीन अभियंताओं की कमेटी गठित की गई। कमेटी तीन दिन में रिपोर्ट देगी। सबस्टेशन की जमीन पर अवैध कब्जे की वजह से इसका निर्माण नहीं हो सका है। स्टेटस रिपोर्ट आने के बाद उसके निर्माण पर निर्णय लेंगे।
गांधीनगर में ट्रिपिंग अधिक
कोहाड़ापीर सबस्टेशन के गांधीनगर फीडर में ट्रिपिंग अधिक होती है। अधिशासी अभियंता इसे खत्म कराएंगे। प्रवर्तन दल के अवर अभियंता इंद्रराज सिंह के खिलाफ शिकायतें आईं। अधीक्षण अभियंता को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कुतुबखाना के उपभोक्ताओं को दो घंटे नहीं मिली बिजली
कुतुबखाना सबस्टेशन के आला हजरत फीडर से जुड़े 4,500 उपभोक्ताओं को बृहस्पतिवार को शाम चार से छह बजे तक बिजली नहीं मिली। चौपुला फीडर पर दोपहर 12 से दो बजे तक आपूर्ति ठप रही। इस दौरान जेई की फोन काॅल भी रिसीव नहीं हुई। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से इसकी शिकायत की है।
अवर अभियंता बीकेश कुमार ने बताया कि चौपुला फीडर पर स्मार्ट सिटी के काम होने की वजह से इमरजेंसी शटडाउन दिया गया था। आला हजरत फीडर पर फॉल्ट की वजह से आपूर्ति ठप हुई थी। मैं सबकी कॉल रिसीव करता हूं। अगर कॉल रिसीव नहीं कर पाता तो कॉल बैक करता हूं।
नाथ कॉरिडोर की सड़कों के किनारे बिजली लाइनों को भूमिगत करने का काम शुरू हो गया है। सबसे पहले त्रिबटीनाथ मंदिर मार्ग के तार हटाए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता अनुज गुप्ता ने बताया डेलापीर से सेलेक्शन प्वाइंट चौराहे तक तारों की गार्डिंग की जा रही है। सूद धर्मकांटा से त्रिबटीनाथ मंदिर तक जहां पर बिजली लाइनें सड़क को पार कर रही हैं, उनको भूमिगत कराया जा रहा है।