UP News: बरेली में स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित होगी नई टाउनशिप, लोगों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बरेली के परसाखेड़ा में स्मार्ट सिटी की तर्ज पर आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसके लिए बरेली विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद योजना बना रहा है।
विस्तार
बरेली के परसाखेड़ा में बनने वाली आधुनिक टाउनशिप को व्यवस्थित बनाने के लिए बड़ी पहल शुरू कर दी गई है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने शहर के विस्तार और सुंदरीकरण के लिए नई टाउनशिप का खाका खींचा है। पीलीभीत रोड व परसाखेड़ा जैसे क्षेत्रों में प्रस्तावित ये टाउनशिप न केवल आवासीय जरूरतों को पूरा करेंगी, बल्कि भविष्य के बरेली के लिए एक 'स्मार्ट मॉडल' के रूप में भी उभरेगी।
इस परियोजना की विशेषता इसका आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। शहर में अक्सर दिखने वाले बिजली के लटकते तारों और जर्जर पोलों के झंझट से मुक्ति दिलाने के लिए नई टाउनशिप में पूरी विद्युत लाइन भूमिगत (अंडरग्राउंड) रखी जाएगी। इसके साथ ही, निवासियों को बेहतर जीवनशैली देने के लिए चौड़े पाथवे, सुव्यवस्थित सड़कें, आधुनिक सीवर सिस्टम और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण और सेहत को ध्यान में रखते हुए हर सेक्टर में बड़े हरित पार्क, वॉकिंग ट्रैक और चिल्ड्रन प्ले एरिया विकसित किए जाएंगे।
लोगों को मिलेंगे सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में देखी जा रही इस योजना का एक मुख्य उद्देश्य अवैध और अनियमित कॉलोनियों पर शिकंजा कसना भी है। प्राधिकरण की रणनीति है कि लोगों को सरकारी स्तर पर ही सुविधायुक्त और कानूनी रूप से सुरक्षित आवासीय विकल्प दिए जाएं, ताकि अनियोजित विकास पर लगाम लग सके। इसके लिए बीडीए जल्द ही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाने जा रहा है। भौगोलिक दृष्टि से दिल्ली और लखनऊ के बीच स्थित होने के कारण बरेली में विकास की अपार संभावनाएं हैं।
निवेश के खुलेंगे नए रास्ते
अधिकारियों का मानना है कि इन सुनियोजित टाउनशिप के विकसित होने से निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। साथ ही, बरेली को एक पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने की योजना पर भी समानांतर काम चल रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं वाली ये टाउनशिप बाहरी निवेशकों और पर्यटकों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाएंगी। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने बताया कि जन-सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस ब्ल्यूप्रिंट पर काम शुरू कर दिया गया है। आने वाले समय में ये परियोजनाएं बरेली की सूरत बदलकर रख देंगी और शहर को एक नई पहचान दिलाएंगी।