नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में छाया रहा पानी और सफाई का मुद्दा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महापौर आईएस तोमर की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्षद राजेश अग्रवाल ने पेयजल आपूर्ति में बदहाली का मामला उठाया। उन्होंने मेयर से पूछा कि गर्मियों में पिछले 10 साल में पानी सप्लाई की हालत इतनी बदहाल कभी नहीं रही। नलकूपों से पानी की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में नहीं हो रही। बिजली नहीं होने पर नलकूपों पर जनरेटर से पानी सप्लाई की व्यवस्था नहीं की गई है। जिन इलाकों में नए सीवर पड़ने हैं, उनके एस्टीमेट नहीं बने हैं। रोड कटिंग से पाइप लाइन टूटने और हैंडपंप खराब होने की शिकायतें अटेंड नहीं हो रहीं हैं। महाप्रबंधक जलकल एमएल मौर्य इन सवालों के जवाब नहीं दे पाए। मेयर ने स्टाफ की कमी दूर करने को निर्माण से तीन सुपरवाइजर जलकल में भेजने और दो जनरेटर तीन दिन में किराए पर लेकर छह जनरेटरों को नलकूपों पर लगाने के निर्देश दिए।
कार्यकारिणी सदस्य गौरव सक्सेना ने नए बने 17 ओवरहेड टैंक हैंडओवर नहीं होने का मुद्दा रखा। ओवरहेड टैंक कब-कब साफ होते हैं? सिविल लाइंस का टैंक कब साफ किया गया। इस सवाल पर जेई जलकल प्रेमचंद्र आर्या ने बताया कि इस साल टैंक अभी साफ नहीं हुए हैं। इनको साफ कराया जा रहा है। सुखदीश कश्यप ने नाला सफाई में घपले के आरोप लगाए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि अभी नाला सफाई में एक भी पैसे का भुगतान नहीं हुआ है। जब पेमेंट हो जाए तो आरोप लगाना।
कमीशन के आरोप पर झड़प
भाजपा सदस्य छंगामल मौर्य के भ्रष्टाचार के आरोप पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी बिफर गए। दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। मेयर ने पार्षद से कहा-ऐसे आरोप सबूत के साथ लगाएं। नगर आयुक्त शीलधर यादव बैठक में नहीं आए थे। बताया गया कि अस्वस्थ हैं। प्रभारी अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह, एसएनए विकास सेन, उपसभापति रेहान अली, सुनीता यादव, रचना मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।
कार्यकारिणी में स्वीकृत प्रमुख प्रस्ताव
1-नदौसी श्मशान भूमि के गोकुल गरगईया तक मिट्टी एवं पुलिया निर्माण
2- रामवाटिका में हाटमिक्स सड़क निर्माण दोबारा टेंडर करने की शर्त के साथ।
3-सीआई पार्क जलपान गृहों की नीलामी सबसे बड़ी बोलीदाता को मिलेगा
4-गांधी उद्यान में जलपान गृहों की नीलामी होगी
5 - मोती पार्क में पार्किंग स्थल ठेका 15 लाख से घटाकर 10.50 लाख में देने का प्रस्ताव
6- ऑल इंडिया कल्चर एसोसिएशन से कराए गए कामों में 53500 का भुगतान
(धारा 91 (2) के तहत 25 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए)
मोती पार्क ठेके की नीलामी 4.5 लाख कम में
पिछले साल मोती पार्क ठेके की नीलामी 15 लाख में की गई थी। 31 मार्च को ठेका समाप्त होने के बाद पुराना ठेकेदार नगर निगम कर्मचारियों से मिलकर पार्किंग से अवैध वसूली कर रहा था। दो महीने नगर निगम कर्मचारियों ने खुद पार्किंग की वसूली की। बबलू खान की मांग पर बताया गया कि इसमें मात्र 75 हजार की पार्किंग वसूली हुई। इस बार 24 मार्च 2015 को नीलामी हुई। इसमें दो बोलीदाता आकिल और राजेश्वर प्रसाद ने हिस्सा लिया। आमिर हुसैन ने 10 लाख की बोली लगाई। 12 मई को दोबारा नीलामी में एक मात्र बोलीदाता अनवार हुसैन उपस्थित हुए। उनको मात्र 10.50 लाख का ठेका दे दिया गया। नियमानुसार नीलामी की बोली 10 प्रतिशत बढ़ाकर लगनी चाहिए थी। कार्यकारिणी में ये प्रस्ताव स्वीकृत होने पर सवाल उठे।
रोड कटिंग में 2.34 करोड़ की वसूली
एक्सईएन गयूर अहमद ने बताया कि शहर के अंदर रोड कटिंग करने में वोडाफोन, भारती एयरटेल, आइडिया, यूपी गैस लिमिटेड और सीयूजीएल गैस लिमिटेड से 2.34 करोड़ रुपये की वसूली हुई। विद्युत नगरीय मंडल और सीयूजीएल गैस लिमिटेड से 1.79 करोड़ और वसूले जाने हैं। रोड कटिंग में कुल 4.13 करोड़ रुपये की वसूली होनी है।
मॉडल टाउन के अधूरे नाले की होगी जांच
मॉडल टाउन में साल लाख की लागत से स्वीकृत नाले का निर्माण अधूरा पड़ा है। एक्सईएन सतीश कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों के विरोध की वजह से नाला निर्माण पूरा नहीं हो पाया। मेयर ने राजेश अग्रवाल और छंगामल मौर्य की दो सदस्यीय कमेटी गठित कर नाला निर्माण अधूरा होने के मामले की जांच के आदेश दिए।
समाजवादी पेंशन में दलाली
उपसभापति रेहान अली ने समाजवादी पेंशन पात्रों के बजाय दलालों के माध्यम से अपात्रों को मिलने की बात कही। दलाल अब भी गरीबों को भ्रमित कर उनसे पेंशन दिलाने के बदले रुपये ऐंठ रहे हैं। उप नगर आयुक्त ने बताया कि अभी तक शहर में 11043 लोगों की पेंशन स्वीकृत है।