Bareilly: जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले- देशवासियों को नई प्रेरणा देता है अटल जी का विराट व्यक्तित्व
बरेली में भाजपा की ओर से सोमवार को अर्बन हार्ट ऑडिटोरियम में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, महापौर उमेश गौतम और भाजपा संगठन के तमाम पदाधिकारी जुटे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में सोमवार को अटल स्मृति समारोह का आयोजन अर्बन हार्ट ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर किया।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मशताब्दी महोत्सव का आयोजन पूरे देश में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। अटल जी की नीति में दूरदृष्टि, नेतृत्व में सेवा भाव और निर्णयों में राजनीतिक कुशलता थी। उन्होंने कहा कि ये हमारे प्रदेश की राजधानी लखनऊ का सौभाग्य है कि लखनऊ का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश को विकास के नए दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने का काम किया।
उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी की पैतृक भूमि उत्तर प्रदेश में ही आगरा के बटेश्वर में है। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा भी कानपुर में अर्जित की। बलरामपुर से देश की संसद में पहली बार चुने गए और संसद में सर्वाधिक बार उत्तर प्रदेश का ही प्रतिनिधित्व किया। उनका विराट व्यक्तित्व पूरे देशवासियों को नई प्रेरणा प्रदान करता है।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे दूरदर्शी व्यक्तित्व थे, जिनकी राजनीति में गरिमा थी। शब्दों में संयम और निर्णयों में राष्ट्र के प्रति गहरी प्रतिबद्धता थी। उन्होंने सत्ता को सदैव जनसेवा का माध्यम माना। पोकरण के साहसिक निर्णय ने भारत को आत्मविश्वास और सामर्थ्य का नया बोध कराया। अटल जी ने यह स्पष्ट कर दिया कि मजबूत राष्ट्र ही मानवीय मूल्यों की सच्ची रक्षा कर सकता है।
अटल जी की कविताओं में राष्ट्रप्रेम और मानवता की झलक
कार्यक्रम में महापौर डॉ उमेश गौतम ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अपनी भाषण कला और राष्ट्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे, जिसके लिए उन्हें 2015 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। अटल बिहारी वाजपेयी का राजनीतिक जीवन बहुत लंबा और प्रेरणादायक रहा। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से थे और बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि एक श्रेष्ठ साहित्यकार भी थे। उनकी कविताओं में राष्ट्रप्रेम, मानवता, पीड़ा और आशा की गहरी झलक मिलती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेनाना ने कहा कि अटल जी ने पड़ोसी देशों के साथ शांति की पहल भी की। पाकिस्तान के साथ संबंध सुधारने के लिए उनकी लाहौर बस यात्रा ऐतिहासिक मानी जाती है। उनका मानना था कि युद्ध नहीं, बल्कि संवाद से समस्याओं का समाधान होना चाहिए। वे संसद में अपने भाषणों के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध थे। विरोधी दल के नेता भी उनकी वाणी, तर्क और शालीनता का सम्मान करते थे।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा नेता गुलशन आनंद, श्रुति गंगवार, महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, प्रभु दयाल लोधी, उमेश कठेरिया, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर, तृप्ति गुप्ता, प्रतेश पांडेय, अनुपम कपूर, रेखा श्रीवास्तव, विशाल मल्होत्रा, पार्षद सर्वेश रस्तोगी, अजय चौहान,शालिनी जौहरी, चित्रा मिश्रा, मोहित तिवारी, नरेन्द्र मौर्या, कन्हैया राजपूत, जयदीप चौधरी,अजय मौर्या, राजीव कश्यप, बृजेश सिंह, शिखा मल्होत्रा, सहित बड़ी संख्या पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।