UP: मेरठ-लखनऊ वंदे भारत का विस्तार, मार्च के पहले सप्ताह से अयोध्या होकर वाराणसी तक चलेगी ये ट्रेन
दो महीने पहले मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार किया गया था, लेकिन वाराणसी तक संचालन अभी शुरू नहीं हो सका है। रेल अधिकारियों के मुताबिक अब इस ट्रेन को मार्च के पहले सप्ताह से वाराणसी तक चलाए जाने की योजना है।
विस्तार
मेरठ-लखनऊ-मेरठ वंदे भारत एक्सप्रेस का अयोध्या होते हुए वाराणसी तक संचालन मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। दो महीने पहले इस ट्रेन को वाराणसी तक विस्तार दे दिया गया था, लेकिन वाराणसी तक संचालन अभी शुरू नहीं हो सका है।
संचालन शुरू होने के बाद से ही 22490-89 मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस घाटे में चल रही है। इस ट्रेन में सीटें खाली रह जाती हैं और दूसरी ओर 22545-46 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। दो महीने पहले मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस को वाराणसी तक विस्तार देने के साथ सारिणी भी जारी कर दी गई।
ये भी पढ़ें- UP News: बरेली को मिल सकती है नमो भारत ट्रेन की सौगात, लखनऊ और दिल्ली का सफर होगा लग्जरी
22490 मेरठ-लखनऊ वंदे भारत के बरेली आगमन के समय में बदलाव नहीं होगा, लेकिन 22489 लखनऊ-मेरठ वंदे भारत के बरेली आने का समय बदल गया। अब तक यह ट्रेन लखनऊ से 2:45 बजे चलने के बाद शाम 6:04 बजे बरेली आती है।
वाराणसी तक विस्तार के बाद 22489 लखनऊ-मेरठ वंदे भारत सुबह 9:10 बजे वाराणसी से चलने के बाद, शाम 5:15 बजे बरेली आएगी। इसके बाद शाम 6:50 बजे मुरादाबाद और रात 9:05 बजे मेरठ पहुंचेगी। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि मार्च से इस ट्रेन को वाराणसी तक चलाए जाने की योजना है।
रामनगर में काम पूरा होने के बाद नियमित होगी आगरा फोर्ट
रामनगर स्टेशन के उच्चीकरण का काम पूरा होने के बाद रामनगर-आगरा फोर्ट का संचालन प्रतिदिन होगा। अभी यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन ही चल रही है। लंबे समय से इस ट्रेन को नियमित करने की मांग की जा रही है। लोकसभा में भी यह मुद्दा उठ चुका है।
सोमवार को इज्जतनगर मंडल के डीआरएम सभागार में डीआरएम वीणा सिन्हा ने बजट पर प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के कई सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि पिंक बुक मंगलवार को आने की उम्मीद है। इसके बाद साफ हो जाएगा कि इज्जतनगर मंडल की पुरानी और नई परियोजनाओं के लिए कितना धन मिला है।
आगरा फोर्ट को नियमित किए जाने के सवाल पर सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि आगरा फोर्ट को नियमित करने की योजना है। इस ट्रेन को रामनगर स्टेशन के उच्चीकरण का काम पूरा होने के बाद नियमित चलाया जाएगा।