Bareilly News: इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में लगी भीषण आग, एक करोड़ रुपये से ज्यादा का माल जलकर राख
बहेड़ी में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में रविवार दोपहर को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। आग लगने पर फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
बहेड़ी के मेन नैनीताल रोड पर ईदगाह के सामने स्वदेशी इंटरप्राइजेज के नाम से मोहम्मद शवाब की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। रविवार को चचेरे भाई की शादी होने की वजह से दुकान बंद थी। बताया जाता है कि दोपहर के वक़्त शॉर्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई।
दुकान से धुआं निकलने पर जब शटर खोलकर देखा गया तब दुकान में रखे सारे सामान को आग अपनी चपेट में ले चुकी थी। सूचना के कुछ देर बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों को दुकान में लगी आग बुझाने में करीब चार घंटे का वक़्त लग गया।
आग लगने की जानकारी लगने पर जिलाधिकारी सहित एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एडीएम दिनेश मिश्रा, उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय, सीओ तेजवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। दुकान मालिक मोहम्मद शवाब के मुताबिक आग से उसका करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का माल जलकर राख़ हो गया।
कस्बे में नहीं हैं पर्याप्त इंतजाम
कस्बे में फायर बिग्रेड के पास आग बुझाने के पुख्ता इंतमाम न होने से भी आग लगने पर समय रहते उसको बुझाया नहीं जा पाता है, जिस कारण दुकानदारों का नुकसान हो जाता है। आग की घटनाओ के बाद भी फायर बिग्रेड की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा है जिसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ता है।