UP Nikay Chunav 2023: बरेली में टिकट के दावेदारों का हाल... अपनों से पाएं पार तो मिले चुनाव को धार
निकाय चुनाव में टिकट के लिए सभी राजनीतिक दलों में दावेदारों की लंबी कतार है। सत्ताधारी भाजपा के पास मेयर पद के लिए सबसे अधिक 35 आवेदन आए हैं। इसके अलावा सपा, कांग्रेस और बसपा को आठ-आठ आवेदन मिले हैं। अभी किसी भी दल ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। बरेली में दूसरे चरण में मतदान होना है। मेयर पद के लिए सभी राजनीतिक दलों के पास आवेदकों की लंबी कतार है। पार्टी नेतृत्व किस पर विश्वास जताता है, यह अभी भविष्य के गर्त में है। जनता के बीच जाने से पहले टिकट दावेदारों की लड़ाई अपनों से ही है।
सत्ताधारी भाजपा के पास मेयर पद के लिए सबसे अधिक 35 आवेदन आए हैं। इसके अलावा सपा, कांग्रेस और बसपा को आठ-आठ आवेदन मिले हैं। अभी किसी भी दल ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। भाजपा में टिकट की लड़ाई दो-तीन लोगों के बीच ही सीमित है।
UP Nagar Nikay Chunav 2023: बरेली मंडल के चारों जिलों में 11 मई को मतदान, 13 मई को आएंगे चुनाव नतीजे
बसपा मुस्लिम प्रत्याशी पर दांव खेल सकती है, वहीं, सपा में पूर्व विधायकों ने भी आवेदन किए हैं। मगर माना जा रहा है कि दो नेता ऐसे हैं, जिन्होंने आवेदन नहीं किया है, लेकिन पार्टी उन्हें मैदान में उतार सकती है। कांग्रेस के पास आए आवेदनों में भी एक नाम लगभग तय हो चुका है।
भाजपा: निवर्तमान मेयर समेत 35 दावेदार, किसका बेड़ा पार
सत्ताधारी भाजपा के पास मेयर पद के लिए सर्वाधिक 35 आवेदन आए हैं। इसमें पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, निवर्तमान मेयर उमेश गौतम, डॉ. विनोद पागरानी व केएम अरोड़ा, गुलशन आनंद, रामगोपाल मिश्रा, अनुपम कपूर, पुष्पेंद्र शर्मा, दक्ष शर्मा, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, रवि प्रकाश रस्तोगी, मनोज थपलियाल, डॉ अनिल शर्मा, डॉ. विमल भारद्वाज, शीतल गुलाटी, महेश सिंघल, शैल उपाध्याय, शशिबाला राठी, निवेदिता श्रीवास्तव, डॉ. एमएल मौर्या, पवन कुमार अरोड़ा, डॉ. विकास वर्मा, चंद्रपाल गुप्ता, गुरप्रीत सिंह, जगदीश सिंह पाटनी, ज्योत्सना भारती, दीप्ति भारद्वाज, मंजीत सिंह बिट्टू, नवनीत अग्रवाल, हीनू वर्मा, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, अच्छन अंसारी, पूरन लाल प्रजापति, डॉ. आशीष गुप्ता शामिल हैं। पार्टी इन्हीं में से किसी एक दावेदार को मैदान में उतारेगी। माना जा रहा है कि नामांकन तिथि करीब आने पर ही पार्टी अपने पत्ते खोलेगी।
बसपा : मुस्लिम प्रत्याशी पर दांव खेल सकती है बसपा
पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बसपा का कैडर वोट भी छिटका है। ऐसे में अपनी साख बचाने के लिए पार्टी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। आवेदकों के नाम नहीं खोले गए हैं मगर इस बार मेयर पद पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारने की योजना है। ऐसा कर बसपा मुस्लिम मतदाताओं को अपने पाले में करने की जुगत भिड़ा रही है। चुनाव की घोषणा के बाद लखनऊ में कोऑर्डिनेटर और जिलाध्यक्षों की बैठक बुला ली गई है।
कांग्रेस : रिपोर्ट मांगी गई, जल्द घोषित होगा प्रत्याशी
कांग्रेस सभी वार्ड में प्रत्याशी उतार रही है। काफी समय से हाशिये पर पड़ी पार्टी निकाय चुनाव के रूप में शहर में खुद को खड़ा करने की जुगत में है। मेयर पद के लिए भी आठ आवेदन आए हैं। उसमें एक नाम लगभग तय भी कर लिया गया है। महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने बताया कि सभी वार्डों से आवेदन मिल चुके हैं।
दस वार्ड पर एक महामंत्री और बीस वार्ड पर एक उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सभी आवेदनों के आधार पर रिपोर्ट मांगी गई है। मेयर पद के लिए केबी त्रिपाठी, वाईपी सिंह, महेश पंडित समेत आठ आवेदन मिले हैं। महामंत्री और उपाध्यक्षों से रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द ही प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे। कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर भाजपा ने शहर का बेड़ा गर्क कर दिया है। हम जनता को इसका सच बताएंगे।
सपा : आवेदक सात पर दो दावेदार और
पार्टी सूत्रों के मुताबिक जिन लोगों ने आवेदन किया है, उन्हें टिकट नहीं मिलेगा। दो नेता ऐसे भी हैं, जिन्होंने आवेदन नहीं किया है और पार्टी उन्हीं दोनों नेताओं के नाम पर विचार कर रही है। इसमें एक नेता ऐसे भी हैं जो पार्टी सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। आवेदन करने वालों में से एक नाम भेजा गया है और दो अन्य नेताओं के नाम भी प्रदेश नेतृत्व को भेजे गए हैं।
सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने बताया कि मेयर पद के लिए सात आवेदन मिल गए हैं। इसमें पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, अनुराग सिंह नीटू, डॉ. अनीस बेग, संजीव सक्सेना, डॉ. अमित सक्सेना, निवर्तमान पार्षद राजेश अग्रवाल, मनोहर पटेल के नाम शामिल है। इसके अलावा कुछ निवर्तमान पार्षदों ने भी आवेदन किया है। बताया कि पार्टी की तैयारियां पूरी हैं। रविवार को महानगर टीम की बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा भी की गई है।