हैवानियत: शादी का झांसा देकर किया युवती से दुष्कर्म, जबरन कराया प्रसव, नवजात को जिंदा दफनाया
बरेली में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर जबरन उसका प्रसव करा दिया। आरोप है कि प्रसव के बाद आरोपियों ने नवजात को जिंदा दफन कर दिया।
विस्तार
बरेली में युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया। उसके गर्भवती होने पर युवक और उसके परिजनों ने जबरन प्रसव करवा दिया। नवजात को जिंदा दफना दिया। युवती की पिटाई भी की गई। पीड़ित युवती ने कैंट थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को पड़ोस का शाहरुख अपनी मौसी के घर ले जाता था। वहां शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता था। युवती के गर्भवती होने पर शाहरुख बहला फुसलाकर उसे अपनी बहन के घर उड़ला जागीर ले गया। युवती सात माह की गर्भवती थी।
ये भी पढ़ें- UP News: अतीक की पत्नी शाइस्ता और गुड्डू बमबाज के बारे में मिले सुराग, अशरफ के साले सद्दाम ने उगले कई राज
आरोप है कि शाहरुख ने पिता इशाक, मां चंदा बी, बहनोई गोरा, बहन चुम्मी, बहन सानिया, असलम और गुलहसन को बुला लिया। ये लोग युवती को जबरन निजी अस्पताल में ले गए और उसका प्रसव करा दिया। जिंदा नवजात को अज्ञात स्थान पर दफना दिया।
पीड़ित युवती को होश आया तो उसने बच्चे के बारे में पूछा। इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। युवती की शिकायत पर कैंट थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
किशोरी को ले गया युवक
बारादरी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी को बस्ती का ही नकुल ले गया। नकुल के घर शिकायत करने गई तो उसके पिता, भाई और मां ने मारपीट की। कुछ देर बाद फोन कर बताया कि किशोरी उनके पास है।
किशोरी घर से जेवर और पांच हजार रुपये ले गई है। नकुल और उसके परिजन किशोरी के फोटो वायरल कर रहे हैं, जिससे किशोरी और उसके के घरवालों की बदनामी हो रही है। बारादरी थाने में किशोरी की मां ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है।