Kheri Lok Sabha Result 2024: खीरी में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी हारे, सपा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा जीते
Lok Sabha Chunav Result 2024 : खीरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा ने जीत दर्ज की है। खीरी से दो बार के सांसद रहे भाजपा प्रत्याशी अजय मिश्र टेनी पर किसानों की नाराजगी भारी पड़ी है। इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश की हॉट सीटों शुमार खीरी लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन की तरफ से सपा ने जीत दर्ज की है। इस सीट के 30 राउंड के नतीजे जारी कर दिए गए। खीरी सीट पर अजय मिश्र टेनी को 521954 वोट मिले हैं, जबकि 555277 वोट उत्कर्ष वर्मा को मिले हैं, जबकि बसपा प्रत्याशी अंशय सिंह कालरा को 110122 वोट मिले हैं। इस सीट पर 11 प्रत्याशी थे, आठ प्रत्याशी नोटा से हार गए और उनकी जमानत भी जब्त हो गई। इस सीट पर कुल 12 लाख 9810 मत पड़े थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभी सपा प्रत्याशी की जीत की अधिकारिक घोषणा नहीं की है। वहीं भाजपा के अजय मिश्र टेनी ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। बंधन बैंक्वेट हाल में मतगणना के आंकड़े देखने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान अजय मिश्र टेनी ने कहा कि देखिए यह जनता का निर्णय है, जनता ने पांच साल काम करने का मौका उन्हें दिया है तो वह अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। मुझे भी जनता ने पांच लाख वोट दिया है। जिन्होंने मुझे मतदान किया है, वह सब मेरी जिम्मेदारी हैं।
खीरी से 11 प्रत्याशियों ने लड़ा था चुनाव
खीरी लोकसभा सीट से भाजपा के अजय मिश्र टेनी, सपा के उत्कर्ष वर्मा, बसपा के अंशय कालरा को मिलाकर 11 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। पिछले एक दशक से भाजपा के कब्जे वाली खीरी सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा दूसरे स्थान पर रही थी। वर्ष 2014 के चुनाव में इस सीट पर बसपा रनर अप रही। अजय मिश्र टेनी सांसद चुने गए थे। लेकिन इस बार तिकुनिया कांड के बाद किसानों नाराजगी उन पर भारी पड़ी। सपा के प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा ने 33 हजार मतों से निर्णायक बढ़त बना ली। वहीं तीसरे नंबर पर बसपा के अंशय कालरा रहे। उन्हें 1.10 लाख से अधिक वोट मिले हैं।
13 मई को हुआ था मतदान
खीरी सीट के लिए 13 मई को मतदान हुआ था। 2890 बूथों पर वोट डाले गए थे। खीरी लोकसभा सीट पर कुल 18.62 लाख मतदाताओं में से 64.73 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह आठ बजे मतगणना की शुरुआत भी पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ हुई। मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पंडाल में 14-14 टेबल लगाई गई। एक एआरओ की टेबल भी लगाई गई। प्रत्येक सात टेबल पर एक प्रभारी रहा।
खीरी लोकसभा
कुल पुरुष वोटर- 941805
पड़े वोट-655014 (66.65)
कुल महिला वोटर- 878323
पड़े वोट-554594 (63.15)
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.