Bareilly News: बाइक सवार ने जत्था प्रमुख को पीटा तो भड़के कांवड़िये, सड़क पर जाम लगाकर किया हंगामा
बरेली में बृहस्पतिवार को बैरियर टू चौकी के पास हंगामा हो गया। जत्था प्रमुख की पिटाई से भड़के कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद जत्था रवाना हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के रिठौरा कस्बे से हरिद्वार जा रहे कांवड़ियों के जत्थे के प्रमुख की बाइक से कलापुर के पास राहगीर की बाइक टकराई तो मारपीट हो गई। इससे नाराज जत्था प्रमुख घर लौट गए तो कांवड़ियों ने बैरियर टू चौकी के पास सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन और हंगामा किया। अधिकारियों ने जत्था प्रमुख को बुलाकर जत्थे को आगे बढ़वा दिया।
रिठौरा से 251 कांवड़ियों का जत्था बृहस्पतिवार को महंत रामसिंह कश्यप व जत्था प्रमुख महेश कश्यप उर्फ गुड्डू के नेतृत्व में हरिद्वार जल लेने के लिए निकला था। डीजे की धुन पर थिरकते हुए कांवड़ियों की टोली इज्जतनगर के गांव कलापुर से आगे बढ़ी थी। सबसे पीछे चल रहे जत्था प्रमुख गुड्डू के साथ गांव के ही कुछ लोग बाइक से थे। तभी कलापुर निवासी भूरे यादव ने बाइक लहराते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
गुड्डू ने टोका तो भूरे ने उनकी पिटाई कर दी। भूरे ने गांव के कुछ और साथी बुला लिए। उन्होंने गुड्डू व उनके साथियों से अभद्रता कर दी और फरार हो गए। नाराज होकर गुड्डू रिठौरा लौट गए। जब आगे चल रहे कांवड़ियों को इसका पता लगा तो वह बैरियर टू चौकी के पास सड़क पर बैठ गए। इससे नैनीताल हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
एसपी सिटी के साथ कई थानों की पुलिस पहुंची
एसपी सिटी राहुल भाटी, सीओ तृतीय अनीता चौहान के साथ हाफिजगंज, इज्जतनगर, भोजीपुरा, प्रेमनगर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी ने कांवड़ियों से कहा कि वह तहरीर दें तो रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। तभी रिठौरा नपं के पूर्व चेयरमैन राकेश कुमार कश्यप मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रयास करके गुड्डू को वापस बुला लिया। इसके बाद कांवड़ियों का जत्था आगे बढ़ गया।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि एक ही समुदाय के लोगों का मामला है। जत्था प्रमुख से विवाद के बाद कांवड़ियों में नाराजगी थी। उनसे कहा है वह जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट लिख ली जाएगी। जत्था हरिद्वार की ओर बढ़ गया है।