बरेली: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव बोले- पेशे के साथ करें समाजसेवा, परिवार के साथ गुजारें वक्त
अमर उजाला के 'समर्पण सम्मान' कार्यक्रम में जलशक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समाजसेवियों को सम्मानित किया। शनिवार को होटल स्वर्ण टॉवर में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। सिंह ने लोगों को परिवार के साथ समय बिताने का सुझाव दिया।
विस्तार
बरेली में समाजसेवा को जीवन और पेशे का हिस्सा बनाने वालों को अमर उजाला 'समर्पण सम्मान' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जलशक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सम्मान से नवाजा। सभी को परिवार के साथ अनमोल वक्त गुजारने का सुझाव भी दिया। होटल स्वर्ण टॉवर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लोगों को जीवन में संयम, सतर्कता, पारिवारिक मूल्यों को प्राथमिकता देने की सलाह दी। कहा कि वर्तमान में किसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में निर्णय नहीं लेने, जीवन में सिर पर बर्फ, मुंह में शक्कर के सिद्धांत समेत जरूरत पर एक कदम पीछे हटने को व्यावहारिक जीवन का हिस्सा बनाएं। पति-पत्नी, परिवार में विवाद हो तो जिद नहीं समझौता करें। घर पर फोन के बजाय पत्नी और बच्चों से बात करें। महापुरुषों की कहानी सुनाएं। युवाओं से हाई-फाई जीवनशैली के बजाय स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कहा कि गरीबों की हाय लेने से बचें।
इन्हें मिला सम्मान
एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देव मूर्ति, सचिव आदित्य मूर्ति, डॉ. बासु आई हॉस्पिटल के डॉ. महेंद्र सिंह बासु, समाजसेवी निहाल सिंह, राजश्री मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ. शरद खंडेलवाल, पीडीएस हॉस्पिटल पीलीभीत के डॉ. पीडी सिंह, बॉम्बे होजरी के राकेश सेठी (रोमी), इलाहाबाद हाईकोर्ट के एडवोकेट सीवी सिंह, जीडी हॉस्पिटल के लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. गोपाल दत्त, रिदम हार्ट सेंटर के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष कुमार अग्रवाल, महाजन हॉस्पिटल से रेनू महाजन, वंश हॉस्पिटल के निदेशक कुशल अग्रवाल, ऑर्थोपेडिक्स एवं ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. मनोज कुमार हिरानी, वैगमाइन एंटरप्राइजेज की दिव्या झावर, गुनिना फार्मास्युटिकल्स के महेंद्र खटवानी, न्यूरोकिड्स केयर के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक मिश्रा, वीकेयर डायग्नोस्टिक सेंटर के डॉ. शेर सिंह गंगवार, मिशन हॉस्पिटल की गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. दीक्षा गंगवार, बोन एंड रेस्पिरेटरी सेंटर के स्पोटर्स इंजरी विशेषज्ञ डॉ. अंकुर अग्रवाल, नेशनल होम्यो क्लिनिक के डॉ. संजय सक्सेना, नम्रता डायग्नो केयर सेंटर से रेडियोलॉजिसट डॉ. नम्रता राठौर, वेदांता हॉस्पिटल से जनरल एवं चेस्ट फिजिशियन डॉ. विवेक गुप्ता, संवेदना न्यूरो साइकियाट्री क्लिनिक से न्यूरोसाइकियाट्रिस्ट डॉ. राकेश यादववंशी, डॉ. रफीक, सनराइज आईवीएफ सेंटर की इंफर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉ. शबीना खान, रोटरी क्लब ऑफ बरेली ग्रेस की अध्यक्ष राखी मनोहर, सचिव नितिका कपूर, कोषाध्यक्ष डॉ. मेधावी अग्रवाल, चार्टर प्रेसिडेंट सीएस निधि अग्रवाल, रोटरी क्लब ऑफ बरेली एवं आईसीएआई बरेली चैप्टर के अंकित अग्रवाल, रोटरी क्लब ऑफ बरेली के अध्यक्ष राहुल जायसवाल, रोटरी क्लब ऑफ बरेली एवं फंड रेजिंग निदेशक सीए अमित मनोहर, यूरेका ट्यूटोरियल के निदेशक इंजीनियर मनोज प्रधान सम्मानित हुए।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को अमर उजाला से खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि तमाम प्रयासों के बाद बुंदेलखंड का जलस्तर दो मीटर सुधारा और पलायन थम रहा है। केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के 37 हजार गांवों में पानी की सप्लाई पहुंचने का दावा किया। पानी का दुरुपयोग नहीं करने की अपील की।
बाढ़ के मुद्दे पर बोले- नेपाल, उत्तराखंड, हिमाचल, मध्य प्रदेश में तेज बारिश से उत्तर प्रदेश की नदियों पर असर पड़ता है। प्रमुख तटबंधों पर अफसरों की निगरानी है। पसंदीदा नेताओं के सवाल पर उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, नरेंद्र मोदी को आदर्श बताया। योगी आदित्यनाथ को कर्मयोगी, बुंदेलखंड के लिए समर्पण, संगठन को परिवार कहा।