Pilibhit News: रामलीला मेले में घुसा सियार, दो लोगों को किया घायल; गजरौला में भेड़िये की दहशत
पीलीभीत जिले में वन्यजीवों के हमले की घटनाएं हुई हैं। गांव गाजीपुर कुंडा में एक सियार रामलीला मेले में घुस गया। उसने दो लोगों को घायल कर दिया। गुस्साईं भीड़ ने सियार को पीटकर मार डाला। गजरौला में वन्यजीव ने बुजुर्ग को जख्मी कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र के गांव गाजीपुर कुंडा में रविवार की रात सियार ने दहशत फैला दी। सियार ने हमलाकर दो लोगों को जख्मी कर दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने सियार को पीटकर मार डाला। उधर, गजरौला क्षेत्र में बुजुर्ग पर वन्यजीव ने हमला कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुजुर्ग के परिजनों ने भेड़िया होने का दावा किया है।
पहली घटना गांव गाजीपुर कुंडा की है। रविवार गांव में रामलीला महोत्सव मेला चल रहा था, जिसमें अचानक सियार घुस गया। जिससे मेले में भगदड़ मच गई। सियार ने पुरनापुर गांव निवासी प्रेमशंकर व अशोक कुमार को जख्मी कर दिया। हमले के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सियार को घेर लिया और लाठी डंडों से पीटकर मार डाला। वहीं घायलों ने अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। जानकारी के बाद वन विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गजरौला में भेड़िये का हमला
गजरौला थाना क्षेत्र के मुंडन खुर्द गांव निवासी 65 वर्षीय छोटेलाल पर भी वन्यजीव ने हमला कर दिया। उनके नाती राजपाल ने बताया कि दादा रात करीब तीन बजे खेत पर बनी झोपड़ी से बाहर निकले थे। अचानक भेड़िये ने उनके चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से छोटेलाल को पीलीभीत के जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत बिगड़ने के कारण उन्हें बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।