Bareilly News: फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में मिले महिला के शव की पहचान, अंतिम संस्कार से पहले पहुंचे घरवाले
फतेहगंज पश्चिमी के पनवड़िया गांव में मृत मिली महिला की पहचान हो गई है। महिला शाही क्षेत्र के मुबारकपुर की रहने वाली थी। रिश्तेदारी में जाने के लिए निकली थी। रास्ते में किसी ने उसकी हत्या कर दी। शव को पनवड़िया गांव के समीप एक खेत में फेंक दिया गया था।
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी के पनवड़िया गांव में चार दिन पहले एक महिला का शव लावारिस हालत में मिला था। तब से पुलिस उसकी पहचान के लिए प्रयास कर रही थी। शव का दो दिन पहले पोस्टमार्टम किया गया था। अज्ञात के तौर पर महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इस बीच सोमवार सुबह शाही थाने के गांव मुबारकपुर निवासी दुर्गा प्रसाद पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपनी मां शांति देवी (55) पत्नी पूरनलाल के रूप में की।
दुर्गा प्रसाद ने बताया कि शांति देवी की भाभी फतेहगंज पश्चिमी के गांव रैपुरा में रहती हैं। उनकी तबीयत खराब थी। शांति देवी उन्हें देखने घर से निकली थीं, उसके बाद से वह न तो रैपुरा और न घर पहुंची थीं। वह लोग उनकी तलाश कर रहे थे। परिवार के लोगों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, घटना को लेकर वह लोग अनभिज्ञ हैं। पुलिस को ही सच का पता लगाना चाहिए।