Ramadan 2024: आज माह-ए-रमजान का चांद दिखने की उम्मीद, दरगाह आला हजरत से की गई ये अपील
बरेली की दरगाह आला हजरत स्थित मरकजी दारुल इफ्ता की ओर से बरेली और आसपास के शहरों में नुमाइंदों को मुकर्रर किया गया है। अपील की गई है कि चांद दिखाई देने पर लोग मरकजी दारुल इफ्ता पर इत्तला करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रमजान का पवित्र माह शुरू होने वाला है। सोमवार को माह-ए-रमजान का चांद दिखने की उम्मीद है। सऊदी अरब में चांद दिख चुका है। अगर यहां आज चांद का दीदार होता है तो मंगलवार से रोजे शुरू हो जाएंगे। एक महीने तक रोजेदार रोजा रखने के साथ ही खुदा की इबादत करेंगे।
बरेली की दरगाह आला हजरत स्थित मरकजी दारुल इफ्ता की ओर से बरेली और आसपास के शहरों में नुमाइंदों को मुकर्रर किया गया है। दरगाह से जुड़े संगठन जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने अपील करते हुए कहा कि चांद दिखाई देने पर लोग मरकजी दारुल इफ्ता पर इत्तला करें और वहां पहुंच कर शरई शहादत दें। मरकज पर मुफ्ती नश्तर फारूकी, मुफ्ती अफजाल रजवी, मुफ्ती कौसर, मौलाना काजिम रजा से मिलकर चांद की जानकारी दे सकते हैं।
मस्जिद मिर्जा में छठवें रमजान को मुकम्मल होगी कुरान
रमजान में तरावीह की नमाज को विशेष दर्जा हासिल है। इसमें कुरान सुना जाता है। बरेली में इस बार सिटी स्टेशन के सामने स्थित मस्जिद मिर्जा में छठवें रमजान को कुरान मुकम्मल होगी। इसी मस्जिद में 26 रमजान को दूसरी बार कुरान मुकम्मल होगी।
12 रमजान को मस्जिद पतंग शाह बांस मंडी, 14 रमजान को नई मस्जिद बाग अहमद अली तालाब व मस्जिद जन्नतुल फिरदौस बांस मंडी, 19 रमजान को मस्जिद कुतुबखाना चौराहे वाली, 20 रमजान को मस्जिद फिरदौसिया, हाशमी मस्जिद में खत्म शरीफ की महफिल होगी।
26 रमजान को मस्जिद काजी मुख्तार अहमद आनंद बिहार कॉलोनी, मस्जिद डोमनी कंघी टोला, मस्जिद शेखों वाली बिहारीपुर ढाल, मस्जिद ख्वाजा गरीब नवाज बांस मंडी, अब्दुल्ला मस्जिद बानखाना, मस्जिद एक मीनार स्वालेनगर, मस्जिद कोड़ा शाह आनंद विहार में खत्म शरीफ का जलसा होगा।
मस्जिदों के आसपास हो सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम
ऑल इंडिया रजा कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने कहा कि रमजान में अघोषित बिजली कटौती न की जाए और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। इसके अलावा पेयजल की व्यवस्था को सुचारू रखा जाए और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जाए। ज्ञापन देने के दौरान हाफिज इमरान रजा, मौलाना कमरुज्जमा, अब्दुल लतीफ कुरैशी, ताज खान, राजू बाबा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।