Holi 2023: बरेली में होलिका दहन के साथ शुरू हुई रंगों की बौछार, होली की मस्ती में डूबे लोग
बरेली में होलिका दहन होने के साथ ही रंगों की बौछार शुरू हो गई। इससे पहले दिन में महिलाओं ने पूजन किया। शाम को होली की परिक्रमा करने के बाद गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी।
विस्तार
बरेली में होली के पावन पर्व पर शहर भर में सैकड़ों जगहों पर उत्साह भरे माहौल के बीच मंगलवार शाम को होलिका दहन किया गया। होलिका दहन के साथ रंगों की बौछार शुरू हो गई। इसके बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी। दिन में महिलाओं ने होलिका मैया की पूजा की। शहर से देहात को होली का उल्लास छाया हुआ है।
होलिका दहन को लेकर शाम से ही जगह-जगह उत्साह का माहौल दिखने लगा। होलिका स्थल पर होली के गीतों की मस्ती में लोग थिरकते, नाचते नजर आने लगे थे। लोगों ने बलगुरिया और कंडे पर स्वास्तिक का निशान बनाकर होलिका को अर्पण किया। धूप, दीप, नैवेद्य आदि का भोग लगाकर अग्नि की परिक्रमा की।
कई जगहों पर लोगों ने पंडितों को बुलाकर मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कराकर होलिका दहन किया। होलिका दहन के बाद लोगों ने सुख, समृद्धि के लिए जौ, चने, गन्ने आदि चढ़ाए। कुछ जगहों पर परंपरा के अनुसार भोर में भी होलिका दहन किया जाना है। कालीबाड़ी, सिकलापुर, गंगापुर, साहूकारा, आलमगीरी गंज, बिहारीपुर और पुराना शहर कई इलाकों में होली का भारी उत्साह रहा।