Bareilly: 20वें दीक्षांत समारोह में 84 मेधावियों को मिला गोल्ड मेडल, 77 शोधार्थियों को दी गई उपाधि
कार्यक्रम की शुरुआत कार्य परिषद और विद्या परिषद की शोभायात्रा, जल अर्पण, कुलगीत और राष्ट्र गीत से हुई। इसके बाद क्रमवार संकायाध्यक्ष ने उपाधि और मेडल के लिए विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित किये। कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने विश्वविद्यालय की उपलब्धि, नए पाठ्यक्रम, भावी योजना और कोर्स शुरू करने की जानकारी दी।
विस्तार
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के 20वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कैंपस और सम्बद्ध कॉलेजों के 84 मेधावियों को गोल्ड मेडल से नवाजा। साथ ही, संकायाध्यक्ष ने पीएचडी के 77 शोधार्थियों को उपाधि दी। कुल 4500 छात्रों को डिग्रियां दी जानी हैं।
फूलों से सजे सभागार में पुख्ता सुरक्षा घेरे के बीच बृहस्पतिवार को राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल, मुख्य अतिथि आईआईटी गांधीनगर के निदेशक प्रोफेसर रजत मूना, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सांसद सन्तोष गंगवार व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से मेडल और उपाधि वितरित किये।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्य परिषद और विद्या परिषद की शोभायात्रा, जल अर्पण, कुलगीत और राष्ट्र गीत से हुई। इसके बाद क्रमवार संकायाध्यक्ष ने उपाधि और मेडल के लिए विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित किये। कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने विश्वविद्यालय की उपलब्धि, नए पाठ्यक्रम, भावी योजना और कोर्स शुरू करने की जानकारी दी।
-परिचय : रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली और मुरादाबाद मंडल के 9 जिलों का विश्वविद्यालय है। इस विश्वविद्यालय में 6 लाख छात्र विश्वविद्यालय कैंपस और कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि इस विवि कैंपस में 3010 छात्र छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। 25 विभाग हैं, जिनमें 120 प्रोफेसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 20 जनवरी 1974 को बरेली विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। 5 दशक के लंबे आंदोलन के बाद रुहलेखंड को अपना विश्वविद्यालय मिला था।