{"_id":"691058a68f2bd7d18506eb60","slug":"girl-dies-after-being-hit-by-roadways-bus-brother-and-sister-seriously-injured-in-bareilly-2025-11-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bareilly News: रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, युवती और उसकी भांजी की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bareilly News: रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, युवती और उसकी भांजी की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल
Sun, 09 Nov 2025 02:51 PM IST
मुकेश कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
Published by: मुकेश कुमार
Updated Sun, 09 Nov 2025 02:51 PM IST
सार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा निवासी बाइक सवारों के साथ नैनीताल हाईवे पर हादसा हो गया। हादसे में युवती और उसकी भांजी की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप घायल हो गया।
विज्ञापन
इसी बस से हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के धौराटांडा निवासी बाइक सवार तीन लोग रविवार दोपहर नैनीताल हाईवे पर हादसे का शिकार हो गए। रुहेलखंड डिपो की रोडवेज बस ने नगरिया कला गांव के पास बरेली की ओर आ रही दो बाइकों को पीछे से टक्कर मार दी। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनमें युवती व उसकी भांजी की मौत हो गई। बाइक चला रहे युवक का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
धौराटांडा कस्बे के वार्ड नंबर पांच निवासी रेहान अपनी बहन हुमा (20) व वार्ड 10 निवासी अपनी दूसरी बहन की बेटी रोशनी (14) को लेकर बाइक से बरेली आ रहे थे। नैनीताल हाईवे पर नगरिया कलां के पास पीलीभीत से बरेली आ रही रुहेलखंड डिपो की बस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही रेहान की बाइक समेत एक अन्य बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
विज्ञापन
दूसरी बाइक पर सवार लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन रेहान समेत तीनों लोग बस की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक हुमा की मौत हो चुकी थी। उसके शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। बाकी दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थोड़ी देर बाद रोशनी की भी मौत हो गई।
विज्ञापन
बस छोड़कर भागा चालक
सड़क हादसे के दौरान आसपास चल रहे लोग चीखे तो बस चालक घबरा गया। थोड़ा आगे जाकर उसने ब्रेक लगाए और बस छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि बस चालक की गलती से ही हादसा हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखी जाएगी।
मजदूरपेशा है परिवार, दो घरों में मातम
भोजीपुरा। रेहान व उसके परिवार के लोग मजदूरपेशा हैं। वह पल्लेदारी करके परिवार पालते हैं। रेहान के पिता आरिफ की मौत हो चुकी है। हुमा भी अविवाहित थी। उसकी बड़ी बहन की शादी वार्ड दस निवासी नजीर से हुई है। रोशनी नजीर की ही बेटी थी। रोशनी व हुमा दोनों की तबीयत खराब थी। रेहान हुमा को दवा दिलाने ही बरेली आ रहा था। इस दौरान नजीर ने उससे कहा कि वह रोशनी को भी दवा दिला लाए। इसी दौरान ये घटना हो गई।