Bareilly News: भीषण गर्मी में जल संकट से जूझ रहे चार लाख लोग, आश्वासन की घुट्टी पिला रहा नगर निगम
बरेली में शनिवार को सूफी टोला, कटीकुईंया, माधोबाड़ी, खुर्रम गौटिया के लोग शिकायत लेकर नगर निगम पहुंचे। जल संकट को लेकर शिकायत की। जलकल विभाग ने एक बार फिर शाम तक समस्या के निस्तारण का आश्वासन दे दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में भीषण गर्मी में चार लाख शहरवासी जल संकट से जूझ रहे हैं। निस्तारण के बजाय नगर निगम का जलकल विभाग उनको आश्वासन की घुट्टी पिला रहा है। शनिवार को सूफी टोला, कटीकुईंया, माधोबाड़ी, खुर्रम गौटिया के लोग शिकायत लेकर नगर निगम पहुंचे। जलकल विभाग ने एक बार फिर शाम तक समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया लेकिन यह बात लोगों के गले नहीं उतरी।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कई दिनों से आश्वासन दिया जा रहा है कि आज से काम होगा और दो-तीन दिनों में पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका। दो दिन पहले भी सूफी टोला की महिलाएं अपर नगर आयुक्त से मिली थीं। तब भी उनको आश्वासन दिया गया था पर कुछ नहीं हुआ। अब बच्चे बीमार हो रहे हैं। अगर सोमवार तक पानी नहीं मिला तो महिलाओं-बच्चों के साथ आकर नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ जाएंगे।
पंप ऑपरेटर ने कटीकुईंया की महिलाओं से की अभद्रता
जलकल के एक्सईएन सिद्धार्थ से मिलने पहुंचीं वार्ड 78 सूफी टोला और कटीकुईंया की महिलाओं ने बताया कि पानी नहीं आने पर उन्होंने पंप ऑपरेटर शमशाद को फोन किया था। उसने महिलाओं के साथ अभद्रता की और पानी की समस्या के बारे में कुछ भी नहीं बताया।
कई दिनों से नहीं आ रहा पानी
शनिवार को वार्ड-35 माधोबाड़ी, खुर्रम गौटिया के लोगों ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 40-50 दिनों से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित है। 15 दिनों से अधिकारियों से शिकायत की जा रही है लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा।
नंबर लगाकर एक्सईएन के कक्ष में पहुंच रहे शहरवासी
जल संकट की वजह से जलकल विभाग में शिकायतकर्ताओं की आवाजाही बढ़ गई है। शनिवार को कई मोहल्लों के लोग एक साथ निगम पहुंच गए। इसके बाद जलकल विभाग के अधिकारियों से मिलने के लिए वहां मोहल्लावार कतार लगी। एक मोहल्ले की महिलाएं एक तरफ से बाहर आईं तो दूसरे मोहल्ले की महिलाएं दूसरे द्वार से अंदर गईं। इसके बाद भी सिर्फ आश्वासन ही मिला।
हमें थोड़ा समय दें, हम समाधान कर रहे हैं : एक्सईएन
जलकल विभाग के एक्सईएन सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि लोग धैर्य रखें, हम समाधान कर रहे हैं। हर समस्या को दूर करने की कोशिश की जा रही है। इस पर महिलाएं एक्सईएन पर बिफर गईं। उन्होंने कहा कि दो माह से परेशानी है पर जिम्मेदार सिर्फ आश्वासन ही दे रहे हैं। एक्सईएन ने शाम तक समस्या को दिखवाने का वादा किया और महिलाओं से अभद्रता करने वाले ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।