UP News: बरेली में छह घंटे के अंतराल में दो मुठभेड़, चार बदमाशों को लगी गोली; सराफा व्यापारी से की थी लूट
बरेली में शेरगढ़ थाना पुलिस ने अलग-अलग जगहों से मुठभेड़ में चार बदमाशों को धर दबोचा। चारों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक इन बदमाशों ने सराफा व्यापारी से लूट की थी।
विस्तार
बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो जगहों पर हुई मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। चारों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस का एक सिपाही अंकित कुमार घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक इन बदमाशों ने एक दिसंबर को कस्बा शाही के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी सराफा व्यापारी सुभाष रस्तोगी के साथ शाही-शेरगढ़ मार्ग पर दिनदहाड़े लूट की थी।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को सुबह 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दो बाइकों पर सवार चार लोग रम्पुरा रोड पर पिपोली नहर की पटरी के पास घूम रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर उन लोगों को पकड़ने का प्रयास किया। जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। इस दौरान दो बदमाश बाइक से भाग गए थे। वहीं मुठभेड़ में सिपाही अंकित कुमार हाथ में गोली छू जाने से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक उक्त दोनों बदमाशों से दो तमंचे, चार कारतूस, सराफ से लूटे गए आभूषण, 47 सौ रुपये, दो मोबाइल फोन, बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में एक बदमाश ने अपना नाम गिरीश पाल उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम जंगबाजपुर थाना सिरौली और दूसरे ने लालता प्रसाद उर्फ नन्नकू निवासी ग्राम दुनका थाना शाही बताया। दोनों ने लूट की घटना को कबूल किया है। दोनों बदमाशों पर जिले व बदायूं समेत कई थानों में कई मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस ने दो बदमाशों को किच्छा पुल के पास पकड़ा
इसके बाद मुठभेड़ के दौरान बाइक से भागे दो अन्य बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तीन टीमें में गठित कर क्षेत्र में अपना जाल बिछा दिया। जिन्हें पुलिस ने पनबड़िया गांव स्थित किच्छा नदी पर बने पुल के पास शाम पांच बजे के आसपास हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों के भी पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने इन बदमाशों से भी सोने-चांदी के आभूषण व दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की है।
इनमें एक बदमाश थाना शाही क्षेत्र के गांव डूंगरपुर का रहने वाला चंद्र प्रकाश और दूसरा संभल के चंदौसी का धर्मेंद्र कुमार है। पुलिस ने मुठभेड़ में घायल हुए चारों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित सराफ व्यापारी से भी उक्त बदमाशों और आभूषणों की पहचान कराई, जिसे व्यापारी ने पहचान लिया।