Bareilly News: चरस तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंड़ाफोड़, तीन नेपाली समेत चार आरोपी गिरफ्तार
बरेली में एसटीएफ ने मंगलवार को मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से साढ़े सात किलो चरस बरामद हुई है। इनमें तीन आरोपी नेपाल और एक बदायूं का रहने वाला है। ये आरोपी नेपाल से चरस लाकर भारत में सप्लाई करते थे।
विस्तार
एसटीएफ बरेली इकाई ने मंगलवार को नेपाल से बिहार के रास्ते चरस तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंड़ाफोड़ कर दिया। टीम ने बदायूं के एक और नेपाल के तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों के खिलाफ सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
लखनऊ एसटीएफ को अंतर राष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी होने की सूचना काफी समय से मिल रही थी। एसटीएफ बरेली इकाई के एएसपी अब्दुल कादिर के नेतृत्व में टीम सूचना के आधार पर सुरागकशी में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़ी गन्ना मिल के खंडहर में छापा मारकर चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली में नाम-पहचान छिपाकर चल रहा था ढाबा, हिंदू संगठन के लोगों ने किया हंगामा, पुलिस ने संचालक को पकड़ा
साढ़े सात किलो चरस बरामद
चारों के पास से साढ़े सात किलो चरस बरामद की गई। पूछताछ में चारों ने अपने नाम बदायूं के थाना बिनावर के गांव दियूरीजीत निवासी राकेश व नेपाल के थाना पोखरिया के गांव निचुटा वार्ड नंबर पांच निवासी भांटू, रोहित और कृष्णा बताया। एएसपी अब्दुल कादिर ने आरोपियों से पूछताछ की।
एएसपी बताया कि चारों आरोपी नेपाल से बिहार के रास्ते चरस लाते थे और भारत के राज्यों में सप्लाई करते थे। इससे मोटा मुनाफा होता था और यह रकम आपस में बांट लेते थे। नेपाल से अच्छी गुणवत्ता वाली चरस खरीदकर उप्र समेत अन्य राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचते थे। सुभाषनगर थाने में चारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया।