जरीफनगर गोलीकांड: ट्रैक्टर निकालने के विवाद में दो पक्षों में गोलीबारी, तीन लोगों की हत्या, चार घायल
इलाके के अमर सिंह और महिपाल के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। दोपहर के समय दोनों ही पक्ष खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके बीच गाली-गलौज के बाद फायरिंग हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर भक्ता नगला में खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई, जिसमें एक पक्ष के रेशमपाल और दूसरे पक्ष के सतेंद्र व जयप्रकाश की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना की वजह दोनों पक्षों के बीच चली आ रही चुनावी रंजिश मानी जा रही है।
बुधवार दोपहर गांव आरिफपुर भक्ता नगला के महीपाल यादव (50) बेटे जयप्रकाश (15), रिश्ते के भतीजे सतेंद्र (22) और हरिओम (24) के साथ खेत पर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर खाद लगाने गए थे। पुलिस के मुताबिक वहां दूसरे पक्ष के अमर सिंह का भाई रेशमपाल (30) अपने खेत में फसल की सिंचाई कर रहा था। इस दौरान रेशमपाल ने अपने खेत से ट्रैक्टर ट्रॉली निकालने का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
इसके बाद महीपाल पक्ष के लोगों ने रेशमपाल को घेर लिया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसे बचाने आए छोटे भाई राधेश्याम को भी गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना पर रेशमपाल का भाई अमर सिंह तमाम लोगों के साथ असलहे लेकर मौके पर पहुंच गया और उसने महीपाल पक्ष पर फायरिंग कर दी। इसमें महीपाल के बेटे जयप्रकाश और भतीजे सतेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महीपाल और हरिओम छर्रे लगने से घायल हो गए। अमर सिंह को भी चोटें आईं हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां से हरिओम को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी देहात अजय प्रताप सिंह, सीओ चंद्रपाल सिंह और कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। शाम को डीएम मनोज कुमार, एडीजी प्रेमचंद्र मीणा और आईजी डॉ. राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे।
दोनों पक्षों में चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। बुधवार दोपहर दोनों ही पक्ष अपने खेत पर थे। तभी उनके बीच विवाद हुआ और एक-दूसरे पर फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। इसमें चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। - डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी