Bareilly News: रिश्ता तय होने के बाद मंगेतर ने लूटी आबरू, फिर शादी से किया इनकार
Bareilly News: बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में रिश्ता तय होने के बाद मंगेतर युवती के घर आने-जाने लगा। आरोप है कि उसने एक दिन युवती से जबरन शारीरिक संबंध बनाए, फिर दहेज में कार देने की मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार कर दिया।
विस्तार
बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में एक युवक ने युवती से रिश्ता तय करने के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। बाद में युवक और उसके परिजन उससे दहेज में कार की मांग करने लगे। पीड़ित युवती की तहरीर पर युवक और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के परिजनों ने एक वर्ष पूर्व भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से उसका रिश्ता तय किया था। उसके बाद युवक ने उसके घर आना-जाना शुरू कर दिया। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे जबरन शारीरिक संबंध बना लिए।
25 नवंबर को उन दोनों का विवाह होना था। इसके लिए उसके परिजनों ने सारी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन युवक और उसके परिजन कार की मांग करने लगे। इसके बाद शादी करने से मना कर दिया। पुलिस ने आरोपी विजय समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
लड़की का फोटो खींच कर किया वायरल
सिरौली क्षेत्र में एक सिरफिरे ने घर के बाहर खड़ी लड़की का फोटो खींच लिया। इसके बाद भद्दे कमेंट्स लिखते हुए उसे वायरल कर दिया। मामले ने तूल पकड़ा तो लड़की के परिजनों ने सिरौली थाने में तहरीर दे दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी बेटी की कुछ दिन पहले ही शादी हुई है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अब उन पर फैसले का दबाव बनाया जा रहा है। इधर, थाना अध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने कहा कि लड़की का फोटो वायरल करने के मामले में तहरीर मिली है। आरोपी को पकड़ लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।