आशीष रॉयल पार्क रोड पर पकड़ी नकली गुटखा-बीड़ी की फैक्टरी
- तीन गोदामों से मिला लाखों का नकली माल, श्यामगंज का व्यापारी गिरफ्तार
विस्तार
आशीष रॉयल पार्क रोड पर एक मकान में पुलिस के छापे में नकली गुटका बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई है। अपने परिवार के साथ यह धंधा कर रहे श्यामगंज की एक फर्म के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने व्यापारी से पूछताछ के बाद तीन और गोदामों पर छापा मारा तो वहां भी बड़े पैमाने पर ब्रांडेड कंपनी का नकली गुटका और बीड़ी के बंडल बरामद हुए।
इज्जतनगर के मेगा ड्रीम होम में रहने वाले कानपुर की कंपनी एजे सुगंधी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अनिल गुप्ता ने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से शिकायत की शहर में उनकी कंपनी के नाम से नकली पान मसाला बनाकर सप्लाई किया जा रहा है।
एसएसपी ने सीओ सिटी और सीओ थ्री के नेतृत्व में टीम बनाकर छानबीन कराई और फिर शिकायत की पुष्टि होने के बाद मंगलवार दोपहर बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा की टीम ने आशीष रॉयल पार्क रोड पर वैष्णो धाम मंदिर के पास मयंक गुप्ता के घर में दबिश दी। यहां पुलिस को संजयनगर की सैनिक कॉलोनी की गली नंबर आठ निवासी सचिन गुप्ता मिला जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। घर में गुटका बनाने की दो मशीनें और 25 बोरी में गगन व तानसेन कंपनी जैसा गुटका बरामद हुआ।
सचिन से पूछताछ के बाद टीम ने गुसाई गौंटिया और संजय नगर में दो और गोदामों पर छापा मारकर काफी तादाद में नकली माल बरामद किया। गुसाई गौंटिया के गोदाम में गुटका बनाने की एक और मशीन बरामद हुई। यहां भी 20 बोरी गुटका बरामद हुआ। गंगापुर में भी सचिन के बताए स्थान पर छापा मारकर पुलिस ने काफी मात्रा में गुटका बरामद किया।
नकली गुटका और बीड़ी बनाकर बेचने की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। बारादरी पुलिस ने फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार कर काफी मात्रा में गुटका और बीड़ी बरामद की है। पुलिस इन कंपनियों के अधिकृत प्राधिकारी से तहरीर लेकर कॉपीराइट एक्ट और दूसरी जरूरी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर रही है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी