Bareilly News: सोने की रिसाइकिलिंग से आभूषण बनवाने के लिए लोगों को करें प्रेरित, डीएम ने की अपील
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सराफा व्यापारियों से सोने की रिसाइकिलिंग को बढ़ावा देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश में 90 फीसदी सोने का आयात होता है, जिससे विदेशी मुद्रा पर दबाव पड़ता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोने की रिसाइकिलिंग से आभूषण बनवाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की जरूरत है। देशहित में यह समय की मांग भी है। बरेली के डीएम अविनाश सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को सराफा व्यापारियों के साथ बैठक कर सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में खपत होने वाले सोने का 90 फीसदी हिस्सा आयात किया जाता है। क्रूड ऑयल, उर्वरक भी आयात होते हैं। इनकी खरीद डालर के जरिये होती है। विदेशी मुद्रा की दृष्टि से देश को समृद्ध करने के लिए प्रधानमंत्री ने अपील की है। इसमें हम सभी को सहयोग करना है।
डीएम ने कहा कि शादी के साथ ही अक्षय तृतीया, धनतेरस, दिवाली पर सोने की भारी मात्रा में खरीद होती है। हमें लोगों को पुरानी ज्वेलरी का उपयोग कर नई ज्वेलरी बनवाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। व्यापारियों ने कहा कि व्यापार पर असर पड़ने से बैंकों में सीसी लिमिट, लोन की रिकवरी व जीएसटी कम होने पर विभाग द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। इस पर डीएम ने कहा कि इसके लिए जीएसटी विभाग और बैंकों से बात की जाएगी। व्यापारियों ने देशहित में सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित कुछ समस्याएं भी रखीं, जिस पर डीएम ने समाधान का आश्वासन दिया।
पेट्रोल कम खर्च करने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद कुतुबखाना पर भारतीय सद्भावना मंच व व्यापारी सेवा संघ के पदाधिकारियों ने दुकान-दुकान जाकर व्यापारियों और ग्राहकों को फूल देकर देश हित में पेट्रोल की बचत करने की अपील की। बहुत जरूरी न होने पर विदेश यात्रा न करने की अपील की। समाजसेवी नदीम शम्सी, व्यापारी नेता दीपक अग्रवाल ने कहा कि सभी भारतवासी राष्ट्र हित में कार्य करें। पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें। ई-रिक्शा, ई-स्कूटर का इस्तेमाल करें। इस दौरान एतेश्याम, टोनी, शहजाद, हुमायूं, गुड्डू आदि मौजूद रहे।