इलाज मिला न एंबुलेंस: बीमार पत्नी को ठेले पर लेकर अस्पताल से लौटा बुजुर्ग, कहा- यहां से बेहतर है घर पर मरे
बरेली के जिला अस्पताल से एक बुजुर्ग अपनी बीमार पत्नी को रिक्शे पर ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है। बुजुर्ग का आरोप है कि अस्पताल ने उसकी पत्नी को भर्ती नहीं किया और इलाज नहीं मिला।
विस्तार
बरेली के जिला अस्पताल की इमरजेंसी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक बुजुर्ग अपनी बीमार पत्नी को ठेले पर लिटाकर व्यवस्था को कोसते हुए जाता दिखाई दे रहा है। एडी एसआईसी ने प्रकरण की जांच कराने की बात कही है। दिल झकझोर देने वाला यह मामला स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत बयां कर रहा है।
बुजुर्ग बोला- इलाज नहीं मिलेगा तो मर जाएगी
बुजुर्ग स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कह रहा है कि पत्नी गंभीर है, लेकिन अस्पताल में भर्ती नहीं किया। इलाज नहीं मिलेगा तो मर जाएगी। इससे अच्छा है कि घर पर ही मर जाए। उसने स्वास्थ्य व्यवस्था को भी जमकर कोसा। अस्पताल से लौटते समय बुजुर्ग को कोई साधन नहीं मिला तो उसने ठेले का सहारा लिया। बीमार महिला की बेहद हालत कमजोर दिखाई दे रही है और बुजुर्ग खुद उसे संभालते हुए ले जाता दिख रहा है। अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
इस प्रकरण पर एडी एसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित का कहना है कि शाम छह बजे वायरल वीडियो का पता चला तो स्टाफ से पूछताछ की। बुजुर्ग की पत्नी तीन दिन अस्पताल में भर्ती थी। ब्लड शुगर अधिक था। शुक्रवार को सांस भी फूलने लगी तो हायर सेंटर के लिए रेफर किया था। बुजुर्ग को जानकारी दी गई थी। इससे नाराज होकर वह रिक्शा लेकर आया था। डॉक्टर और स्टाफ को सूचना दिए बिना पत्नी को लेकर जाने लगा। इसी बीच किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
संबंधित वीडियो