UP News: आईवीआरआई के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त को मिली नई जिम्मेदारी, मेरठ कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बने
आईवीआरआई के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त को नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें मेरठ कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने डॉ. त्रिवेणी दत्त की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त, मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त हुए हैं। उनकी नियुक्ति का आदेश होने के बाद बधाई देने का सिलसिला जारी है। डॉ. दत्त जल्द कार्यभार संभालेंगे।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ओर से जारी पत्र में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष के लिए कार्यकाल तय किया गया है है। डॉ. दत्त, आईवीआरआई में वर्ष 2021-22 में निदेशक पद पर नियुक्त हुए थे। कार्यकाल के दौरान लंपी डिजीज, पारवो कैनाइन वैक्सीन, रुहेलखंडी भेड़, बकरी, गाय और खच्चर नस्लों के पंजीकरण समेत करीब दर्जन भर प्रौद्योगिकियों का व्यवसायीकरण, रिलीज कराया। करीब 35 वर्ष बाद दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों वैज्ञानिकों और मेधावियों को पुरस्कृत कराने का श्रेय भी है।
डॉ. त्रिवेणी दत्त के कार्यकाल में ही राष्ट्रीय प्रत्यायन एवं मूल्यांकन परिषद (नैक) ने आईवीआरआई को डबल ए प्लस ग्रेड से नवाजा है। नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) में भी शीर्ष संस्थानों की सूची में आईवीआरआई दर्ज हुआ। एडवांस रिसर्च फॉर केनाइन सेंटर निर्माण के प्रस्ताव पर स्वीकृति, वैक्सीन प्रमाणीकरण सेंटर का विस्तार, अत्याधुनिक सुविधायुक्त केंद्रीय सभागार समेत अन्य कई उपलब्धियां डॉ. दत्त के नाम दर्ज हैं।
आईसीटी टूल्स, एप, चैटबॉट विकास में रहा योगदान
डॉ. दत्त के नेतृत्व में आईवीआरआई में शिक्षा को तकनीक से जोड़ते हुए 142 आईसीटी टूल्स, 45 मोबाइल एप, तीन चैटबॉट विकसित हुए। 40 स्टार्टअप, पशु प्रबंधन के लिए 10 वैज्ञानिक पैकेज ऑफ प्रैक्टिस तैयार किए। कार्यकाल में दो स्नातक, 11 स्नातकोत्तर डिग्री, 22 स्नातकोत्तर डिप्लोमा, 138 प्रमाणपत्र, व्यावसायिक, 17 दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रम शुरू हुए। 12 देशों की 47 लैब में 50 विद्यार्थियों और 22 संकाय सदस्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण की व्यवस्था की। अनुसंधान शिक्षा के लिए 156 करोड़ के इंफ्रास्टक्चर, तीन करोड़ सीएसआर निधि प्राप्त की है।