फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर फतेहगंज पूर्वी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस खराब होने से ट्रैफिक वनवे हो गया। वहीं, हुलासनगरा क्रॉसिंग काफी देर तक बंद रहने से जाम लगना शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में एक किलोमीटर तक पहुंच गया। आधी रात तक हाईवे पर जाम के हालात रहे।
शनिवार सुबह एक रोडवेज बस फतेहगंज पूर्वी फ्लाईओवर पर खराब हो गई। जिसकी मरम्मत होते-होते शाम हो गई। इस दौरान फ्लाईओवर पर एक ही तरफ से दोनों ओर के वाहनों को निकाला गया। शाम को हाईवे पर वाहनों का आवागमन ज्यादा हुआ तो कुछ ही देर में जाम लगना शुरू हो गया। जब रोडवेज बस को सही करके रवाना किया गया तब जाकर वाहनों का सही से निकलना शुरू हुआ, लेकिन हुलासनगरा क्रासिंग के देर तक बंद रहने के कारण जाम लग गया। फतेहगंज पुलिस जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करती रही, लेकिन आधी रात तक जाम नहीं खुल सका। संवाद