फायरिंग-पथराव में नपा चेयरमैन समेत 11 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वक्फ की जमीन पर कब्जे के विवाद में समझौता कराने गए नगर पालिका के चेयरमैन सैय्यद आबिद अली की मौजूदगी में ही मोहल्ला फूटा दरवाजा में बड़ा बवाल हो गया। जिस समय चेयरमैन इलाके के सभासद के घर में एक पक्ष से बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान दूसरे पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी जिसमें चेयरमैन और उनके गनर समेत 11 लोग घायल हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग और पथराव हुआ। इस घटना से भगदड़ मच गई। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव पैदा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में एक ही पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला फूटा दरवाजे की मस्जिद के नाम करीब 22 बीघा कृषि भूमि है जो कुछ समय पहले तक मोहल्ले के ही परवत अली के पास थी। परवत इस जमीन का दस हजार रुपये सालाना किराया मुतवल्ली के पास जमा करता था। दो साल पहले यह जमीन 14 हजार रुपये सालाना किराये में परवत के ही परिवार के नाजिम ने ले ली तो परवत और नाजिम के बीच रंजिश शुरू हो गई। 26 अक्टूबर 2014 को इसी रंजिश में दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई थी। हाल ही में कस्बे के कुछ लोगों ने नगर पालिका के चेयरमैन सैय्यद आबिद अली से वक्फ की जमीन का विवाद निपटाने की गुजारिश की जिसके बाद सोमवार सुबह सवा 11 बजे वह समझौता कराने की मंशा से फूटा दरवाजा में नाजिम पक्ष के लोगों से बातचीत करने सभासद मैसर अली के घर पहुंचे थे। नाजिम पक्ष के लोगों से बातचीत करने के बाद चेयरमैन का इरादा परवत पक्ष के लोगों से बात करने का था।
चेयरमैन ने मैसर अली के घर में बैठकर नाजिम पक्ष से बातचीत शुरू ही की थी कि परवत अली पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर चेयरमैन और उनका गनर बाहर निकले तो छर्रे लगने से जख्मी हो गए। इसके बाद परवत अली अपने परिवार के लोगों के साथ बाहर निकल आया और असलहे दिखाते हुए गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव के साथ फायरिंग शुरू हो गई। पथराव और फायरिंग से नाजिम के अलावा घर में बाहर बैठी शब्बा, अशरफ ,चंदा बी,जमीर, सलीम,अलीशेर, कच्चा कटरा के विजय, हाजीपुर बीहट के धमेंद्र जख्मी हो गए।
फायरिंग-पथराव बंद होने के बाद चेयरमैन ने खुद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर प्राथमिक उपचार कराया और वहीं से घर चले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाकी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया। चेयरमैन सैय्यद आबिद ने बताया कि वह सभासद मैसर और कुछ गणमान्य लोगों के कहने पर दोनों पक्षो में समझौता कराने गए थे। इसी बीच गोली चली और उन्हें छर्रे लग गए। इसके बाद किस-किस ने फायरिंग की, उन्हें नहीं पता। पुलिस ने नाजिम की तहरीर पर परवत अली, इशरत अली, गुडडू अली,असगर अली, शेरा अली, शबलू,फैजी, आदिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक एसएस पवार ने बताया कि आरोपी परवत अली के खिलाफ 2014 तक 37 मुकदमें दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, गैगस्टर और गुंडा एक्ट जैसे मामले भी शामिल हैं। आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।