फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   crime

पुलिस बोली हो गया खुलासा, सर्राफ बोले- सफेद झूठ

Fri, 24 Apr 2015 01:49 AM IST
बरेली
बरेली Updated Fri, 24 Apr 2015 01:49 AM IST
विज्ञापन
पांच महीने बाद आखिरकार पुलिस ने रोहली टोली के सर्राफ उमेश वर्मा के घर पड़ी डकैती भी खोल दी लेकिन रामपुर बाग डकैती और सुरेश शर्मा नगर डबल मर्डर केस के वादी की तरह सर्राफ ने भी इसे फर्जी खुलासा करार दे दिया। पुलिस ने दो बदमाशों के साथ लूट का माल खरीदने के आरोप में बहेड़ी के एक सर्राफ को गिरफ्तार किया है। साथ ही साढ़े चार लाख के माल की बरामदगी दिखाई है लेकिन सर्राफ का कहना है कि पुलिस का खुलासा झूठ के पुलिंदे के सिवा और कुछ नहीं है।
विज्ञापन

कोतवाली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डकैती का खुलासा करते हुए एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े चार बजे डोहरा पुल के पास बारादरी पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के दौरान बदमाश वली शाह उर्फ गुड्डू निवासी शाहपुर डांडा थाना देवरनियां, बहादुर शाह निवासी तेजनगर बहेड़ी को गिरफ्तार किया। वली शाह से नाइन एमएम पिस्टल, कारतूस का एक खोखा, चार जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर की बाइक और बहादुर से एक तमंचा दो कारतूस बरामद किए गए हैं। वली शाह के पास से सर्राफ उमेश वर्मा के घर से लूटे गईं चार सोने की चूड़ी, 97.77 ग्राम की तीन चेन, और बहादुर से तीन अंगूठी और 18.38 ग्राम के दो झुमके बरामद हुए।

विज्ञापन

एसपी के मुताबिक दोनों बदमाशों ने पूछताछ में 15 दिसंबर की रात रोहली टोला में सर्राफ उमेश के घर में डकैती डालने की वारदात कबूल की है। इनसे बरामद माल लूटे गए माल का ही हिस्सा है। इन दोनों के साथ इस वारदात में पुत्तू शाह निवासी पिपरिया थाना शेरगढ़, चीमा उर्फ सईम निवासी मुरादपुर थाना भोजीपुरा, इलियास निवासी सिकलापुर इज्जतनगर, मुन्ने खां निवासी शाहपुर डांडी थाना देवरनियां भी शामिल थे। एसपी ने बताया कि बदमाशों ने सर्राफ के घर से लूटा गया माल बहेड़ी के मोहल्ला रामलीला निवासी सर्राफ प्रभुदयाल पटवा को बेचा था। प्रभुदयाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी दुकान से जेवर गलाकर तैयार की गई दो किलो चांदी भी बरामद हुई। वली शाह के मकान की तलाशी में लूटे गए 50 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। एसपी ने कुल बरामदगी साढ़े चार लाख की बताई। उन्होंने कहा कि बदमाश इलियास ने साड़ियां बेचने के बहाने सर्राफ के घर की रेकी की थी। लूट के बाद बदमाशों ने इलियास के घर इकट्ठे होकर माल का बंटवारा किया। एसपी ने बताया कि ये शातिर गैंग बड़े सर्राफा व्यापारियों को निशाना बनाता है। वली शाह पर करीब 24 और बहादुर पर दर्जन भर मुकदमे चल रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

00
खुलासे के बाद पलट गई कहानी
सर्राफ के परिवार की बात सही मानें या पुलिस की

जो बदमाश सूट-बूट वाले बताए गए थे वे निकले ठेठ देहाती
परिवार ने कहा था वैन से आए डकैत, पुलिस कह रही बाइक से

अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। रोहली टोला डकैती के खुलासे की कहानी ही उस पर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने खुलासे की जो कहानी बताई वह उससे बिल्कुल उलट है जो वारदात के ऐन बाद सर्राफ के परिवार वालों ने बयान की थी।
डकैती की चश्मदीद सर्राफ उमेश वर्मा की पुत्रवधू पायल ने घटना के बाद पुलिस को बताया था कि बदमाश ब्रांडेड कपड़े और जूते पहने थे। देखने में वे सभी लंबे-चौड़े थे और बोलचाल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लग रहे थे। पायल और उसके ससुर उमेश वर्मा ने बताया था कि बदमाश उनके घर पर मारुति वैन से पहुंचे थे जिसे उन्होंने उनके दरवाजे पर ही खड़ा किया था। अब पुलिस के खुलासे के बाद यह सारी कहानी बिल्कुल उल्टी हो गई है। जिन चार बदमाशों को मारुति वैन से आना बताया जा रहा था, एसपी सिटी ने बताया कि वह दो बाइक से वारदात करने पहुंचे थे। बाइक को वे सब्जी की दुकान के पास खड़ी करने के बाद सर्राफ के घर में घुसे थे। यही नहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पेश किए गए बदमाश वली और बहादुर ठेठ देहाती निकले। उनकी बोलचाल भी देहातियों जैसी ही थी। वली शाह मीडिया वालों के सामने आया तो सिर्फ हकलाता रहा। उससे पूछा गया कि लूटे गए जेवर मय डिब्बों के ले गए या खाली डिब्बे छोड़ दिए थे तो वह हकलाने लगा। इतना ही बोला कि सारा सामान एक थैले में भरकर ले गए थे।
00
लूट के पैसे से कराया बेटी का इलाज
पुलिस ने बताया कि डकैती के बाद वली शाह की पत्नी को बेटी पैदा हुई थी। लूट की कुछ रकम उसने उसके इलाज में खर्च की। चीमा ने अपने हिस्से के पैसे से कार और जमीन खरीद ली। कुछ जमीन उत्तराखंड में खरीदी बताई गई है। एसपी ने कहा कि वह जांच कराकर सारी संपत्ति जब्त कराएंगे। सीओ असित श्रीवास्तव ने बताया कि डकैती में नाम आने पर बदमाश मुन्ने खां बिथरी चैनपुर से चल रहे एक डकैती के मुकदमे में जमानत रद्द कराकर डेढ़ महीने पहले जेल चला गया।  
00
प्रभुदयाल बोला, छोटा कारीगर हूं फंसा दिया
डकैती का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार प्रभु दयाल का कहना है कि वह चांदी के जेवरात बनाने वाला छोटा-मोटा कारीगर है। उसकी इतनी हैसियत ही नहीं है कि वह इतनी बड़ी रकम का माल खरीद सके। उसे झूठा फंसा दिया गया है।


00
20 फुट दूर से दिखाए बदमाश, बरामद जेवर दिखाए ही नहीं
सर्राफ ने कहा- मैं खुलासे से बिल्कुल संतुष्ट नहीं
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीआईजी के पास पहुंचे

सर्राफ उमेश वर्मा का कहना है कि बदमाश उनके घर से 4.65 लाख नकद, 2300 ग्राम सोने के जेवर, 700 ग्राम पक्का सोना, 12 किलो चांदी और गिरवी गांठों समेत करीब पौने दो करोड़ रुपये का माल लूटकर ले गए थे। पुलिस सिर्फ साढ़े चार लाख की बरामदगी दिखाकर खुलासे का दावा कर रही है जिससे वह बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं। करीब 75 साल उम्र के उमेश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों को उन्हें 20 फुट दूर से दिखाया। वह ठीक से उनका चेहरा तक नहीं देख पाए। जो जेवर बरामद होना बताए जा रहे हैं, उनसे उनकी शिनाख्त तक नहीं कराई गई है। जिस वक्त एसपी सिटी कोतवाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डकैती के खुलासे का दावा कर रहे थे, उसी बीच उमेश वर्मा इस खुलासे को फर्जी बताते हुए शिकायत करने डीआईजी दफ्तर पहुंच गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed