भाई और हमदर्द ही निकले कातिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
30 सितंबर 2014 का वाकया है। रात को पेट में चाकू लगने से बीरबल लोधी की हत्या हुई थी। मामले में उसके बेटे विनोद कुमार ने ग्राम प्रधान हरपाल सिंह उसके बेटे ऋषिकेश और बृजेश कुमार के खिलाफ हत्या करने के आरोप में मुकदमा लिखाया था। पुलिस शुरुआत से ही आरोपियों की नामजदगी को संदिग्ध मान रही थी। थाने से विवेचना क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर हो गई। विवेचक इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा ने छानबीन के दौरान प्रधान और उसके बेटों को क्लीनचिट दे दी। विवेचना के दौरान बीरबल के भाई भुवनचंद्र लोधी, उनके गांव के ही वीरपाल लोधी, नन्हें उर्फ जगदीश के अलावा सिगड़ी के महबूब हुसैन का नाम प्रकाश में आया। विवेचक राजीव शर्मा ने बताया कि घटना के दिन हत्यारोपियों ने बीरबल के साथ शराब पीकर उसके पेट में चाकू मार दिया था। उनका हत्या का इरादा नहीं था। वह प्रधान और उसके बेटों को फंसाना चाहते थे। महबूूूब प्रधानी के पद का दावेदार था। वीरपाल और जगदीश की प्रधान से राशन की दुकान को लेकर रंजिश चल रही थी। दोनों के खिलाफ प्रधान ने मुकदमा भी दर्ज कराया था जिससे रंजिश मानने लगे थे। बीरबल को चाकू मारकर प्रधान को फंसाने की चाल तीनों ने मिलकर चली और बीरबल के भाई को भी शामिल कर लिया। लेकिन बीरबल की मौत ने खेल बिगाड़ दिया। हैरत यह है कि वीरपाल और जगदीश दोनों ही वादी विनोद के साथ लगातार इस केस की पैरवी भी करते रहे। पुलिस ने वीरपाल और जगदीश को जेल भेज दिया है। बीरबल के भाई भुवनचंद्र की तलाश की जा रही है। महबूब हुसैन एक महीने पहले ही बहेड़ी से हत्या और लूट के आरोप में जेल जा चुका है। उसे बी-वारंट पर बीरबल की हत्या में तलब कराया जाएगा।
इस तरह खुला भेद
-बीरबल का परिवार बेहद गरीब है। उसके यहां दो जून की रोटी के लिए भी परेशानी रहती है। इसी बीच एक दिन उसका बेटा और हत्या के मामले का वादी क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा के पास पहुंच गया। उसने प्रधान और उसके बेटों को जेल भेजने के लिए विवेचक को रुपये देने की पेशकश कर दी। विनोद के रुपये देने की पेशकश सुनकर विवेचक का माथा ठनका। उन्होंने पता लगाया कि इसके पीछे कौन है। इसके बाद तो सच के पर्दा उठता ही चला गया। यह भी मालूम हो गया कि प्रधान को फंसाने के लिए वीरपाल और उसके साथी मोटी रकम खर्च करने को तैयार हैं। बीरबल ने हत्या की रात उन्हीं के साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया।