Bareilly News: छावनी परिषद ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, मकानों के अवैध कब्जे पर गरजा बुलडोजर
बरेली में कैंट बोर्ड ने बुधवार को अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की। कैंट के सदर बाजार स्थित मदारी की पुलिया के यादव मोहल्ले में मकानों के अवैध हिस्सों को बुलडोजर ध्वस्त किया गया। अस्थायी अतिक्रमण भी हटा दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) ने बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान छावनी क्षेत्र की सार्वजनिक भूमि, सरकारी संपत्तियों, सड़कों, बाजारों एवं पार्किंग क्षेत्रों से अवैध निर्माणों एवं कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। बुलडोजर से अतिक्रमण ध्वस्त किया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. तनु जैन ने 24 अक्तूबर को आदेश दिए थे। इसी क्रम में बुधवार को छावनी परिषद की टीम अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई के लिए कैंट पुलिस के साथ रवाना हुई। इस दौरान सदर बाजार, उसके आस-पास के क्षेत्रों में कार्रवाई की गई, परिषद की ओर से चिह्नित से अधिक स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया।
कैंट बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक परिषद टीम ने अस्थायी ढांचे, कब्जे और अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दोबारा सार्वजनिक उपयोग के लिए मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान भूमि लिपिक अभिषेक कुमार, सफाई अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी, जेई ईएंडएम मनोज यादव, राजस्व निरीक्षक विकास चंद्र गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
यादव मोहल्ले में गरजा बुलडोजर
कैंट बोर्ड का बुलडोजर मदारी पुलिया के पास यादव मोहल्ले में पहुंचा। यहां नाले की बाउंड्री तक कई लोगों ने निर्माण किया हुआ था, जिसको हटाने के लिए कैंट बोर्ड ने कार्रवाई शुरू की। इसके बाद देखते ही देखते एक के बाद परिवार का व्यक्ति रोकने का प्रयास करता रहा। इस दौरान कई लोगों ने स्वयं हटाने की बात कही इस पर कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने हामी भरते हुए अतिक्रमण को अपने सामने ही हटवा दिया। नाले से सटे हुए पीछे की ओर कई लोगों ने शौचालय व सीढि़यां बनाई हुई थीं, उन्हें भी कैंट बोर्ड ने हटवाया है।
31 अक्तूबर तक चलेगा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान
कैंट बोर्ड का यह अभियान 31 अक्तूबर तक चलेगा। इसको लेकर सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गई है। कैंट बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने अल्टीमेटम भी जारी कर दिया है, जिन्होंने सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा किया हुआ है वह लोग अतिक्रमण को तत्काल हटवा दें।
सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि छावनी परिषद का लक्ष्य नागरिकों के लिए स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिषद का यह अभियान नागरिक सहयोग से ही सफल होगा।
नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुधवार को कुतुबखाना पुल के नीचे दो घंटे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया। मौके पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। प्रवर्तन दल के प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि पुल के नीचे फड़ और ठेले लगने से आवागमन बाधित होने की शिकायत आई थी। इसके बाद टीम वहां पहुंची। टीम ने कब्जे हटाए तो तमाम फड़ व ठेले वालों ने अपना सामान खुद समेट लिया, जो नहीं समेट सके उनका सामान जब्त किया गया है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।