Bareilly: नशे में धुत युवकों की कार की टक्कर से स्कूटी और दुकानों में लगी आग, बुजुर्ग व्यापारी घायल
बरेली में सोमवार रात नशे में धुत युवकों की बेकाबू कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। कार में फंसने से स्कूटी में आग लग गई। आग ने तीन दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार सवार युवक फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली की मिशन मार्केट में सोमवार रात नशे में धुत युवकों ने कार से दुकान बंद कर रहे बुजुर्ग कपड़ा व्यापारी की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में व्यापारी घायल हो गए, साथ ही उनकी स्कूटी में आग लग गई। तीन दुकानों ने भी आग पकड़ ली। सूचान पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने समय रहते इस आग पर काबू पा लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आरोपी कार लेकर फरार हो गए, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
फाइक एन्क्लेव निवासी मोहम्मद शफी (65) की मिशन मार्केट में रेडिमेड कपड़ों की दुकान है। बेटे आशू के साथ वह रात 11 बजे दुकान बंद करके घर जाने की तैयारी कर रहे थे। आशू दुकान में ताला लगा रहे थे और शफी नीचे स्कूटी स्टार्ट करके खड़े थे। इसी दौरान चौकी चौराहे की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे शफी दूर जा गिरे और उनकी स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। स्कूटी में आग लग गई। आग ने कार के बोनट को भी चपेट में ले लिया।
नशे में गिरते-पड़ते रहे, फिर कार लेकर हुए फरार
शफी के बेटे आशू के मुताबिक कार में चार लड़के थे जो नशे की हालत में लग रहे थे। इनमें से दो लड़के बाहर निकलकर गिरे। फिर खुद को संभाला और ड्राइविंग सीट पर बैठे शख्स ने कार को दो-तीन बार आगे-पीछे करके स्कूटी को अलग किया। फिर चारों कार में बैठकर अय्यूब खां चौराहे की ओर निकल गए। इधर, स्कूटी में लगी आग ने शफी की दुकान व आसपास की दोनों दुकानों को चपेट में ले लिया। आसपास के व्यापारी बाहर निकल आए। तत्काल ही पुलिस व फायर स्टेशन को सूचना दी गई।
टूटकर गिरी कार की नंबर प्लेट
आग से दुकानों के शटर व काउंटर आदि जल गए और उनमें धुआं भर गया। बिजली लाइन के फॉल्ट से भी रह-रहकर आग लगती रही। घायल शफी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली डीके शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। कार की नंबर प्लेट मौके पर ही टूटकर गिर गई थी।
पुलिस ने पता लगाया तो कार किसी अमित कुमार अग्रवाल के नाम बताई जा रही थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस कार व इसमें मौजूद लोगों का पता लगाने में जुटी है। सीसीटीवी से देखा जा रहा है कि कार किस ओर गई है। उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।