गेहूं खरीद में दलाल सक्रिय!: इन चार जिलों में अब होगी छापामारी, क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक ने दिए निर्देश
आरएफसी मनिकन्डन ए. ने शुक्रवार को गेहूं खरीद की समीक्षा बैठक में कम खरीद पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फ्लोर मिल व गेहूं का भंडारण करने वाले व्यापारियों के गोदाम चेक किए जाएं। जहां भी भंडारण घोषणा से ज्यादा पाया जाए वहां लाइसेंस निरस्त कर गोदाम को सीज कर दिया जाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली मंडल में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक महज 11 फीसदी गेहूं खरीद हुई है। आशंका है कि गेहूं खरीद में दलाल सक्रिय हैं, जो किसानों को गुमराह कर फ्लोर, राइस मिल और ट्रेडर्स के पास गेहूं बिक्री करा रहे हैं। ऐसे में मंडल भर के प्रतिष्ठानों पर अब छापामारी होगी।
व्यापारी द्वारा घोषित स्टॉक से मौके पर ज्यादा गेंहू मिलने पर लाइसेंस निरस्त होगा। साथ ही, पूरा स्टॉक भी सीज किया जाएगा। यह दिशानिर्देश शुक्रवार को गेहूं खरीद की समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) मनिकन्डन ए. ने दिए।
उन्होंने बताया कि बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर में अब तक निर्धारित गेहूं क्रय लक्ष्य 11.29 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष 1.28 मीट्रिक टन गेहूं खरीद हुई है। सभी क्रय संस्थाओं को हर हाल में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। व्यक्तिगत संपर्क कर किसानों के खेतों/घरों से ही मोबाइल क्रय केंद्रों के जरिये गेहूं खरीद के निर्देश दिए।
निर्देश दिए कि मंडी या मंडी परिक्षेत्र में जो आढ़ती किसानों से गेहूं खरीद रहे हैं, मंडी सचिव उन किसानों को सरकारी क्रय केंद्रों पर विक्रय के लिए प्रोत्साहित करें। जो मंडी सचिव सहयोग नहीं करेंगे, या साठगांठ मिली तो उनके खिलाफ निलंबन कार्रवाई की चेतावनी दी।
फुटकर, थोक विक्रेता मिल संचालक घोषित करें स्टॉक
मंडी सचिवों को डिपार्टमेंट ऑफ फूड एंड पब्लिक डिस्टि्रब्यूशन पोर्टल पर गेहूं के स्टॉक होडर्स, होल सेलर्स, ट्रेडर्स, फ्लोर मिलर्स का पंजीकरण कराने और उनके स्टॉक की नियमित घोषणा कराए जाने के दिशानिर्देश दिए। जो निर्देश का अनुपालन नहीं करेंगे, उनके मंडी लाइसेंस निलंबित होंगे। लेखपाल, सचिव, ग्राम प्रधान को प्रशासनिक सहयोग से दैनिक लक्ष्य आवंटित कर केंद्रों पर गेहूं बिक्री कराने को कहा।
गेहूं क्रय में लापरवाही बरत रहे अफसरों पर कार्रवाई तय
बरेली में पीसीयू जिला प्रबंधक मनोज कुमार द्वारा गेहूं खरीद में लापरवाही के चलते इनके खिलाफ जिला खाद्य विपणन अधिकारी को चार्जशीट भेजने के निर्देश दिए। शाहजहांपुर तिलहर मंडी के सचिव रामनिवास द्वारा गेहूं खरीद में सहयोग न करने की सूचना पर शाहजहांपुर के जिला खाद्य विपणन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। जिलेवार दस सबसे कम गेहूं क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।