Bareilly News: गाला होटल के पीछे हो रहे निर्माण पर बड़ी कार्रवाई, बीडीए ने किया सील, थमाया नोटिस
बरेली में अवैध तरीक से हो रहे निर्माण पर बीडीए की कार्रवाई जारी है। बीडीए की टीम ने रविवार को गाला गैलेक्सी होटल के पीछे हो रहे निर्माण को सील कर दिया। निर्माण कराने वाले को नोटिस दिया है।
विस्तार
बरेली में गाला होटल के पीछे स्वीकृत मानचित्र के विपरीत हो रहे निर्माण को बीडीए (बरेली विकास प्राधिकरण) ने सील कर दिया है। साथ ही, नोटिस देकर 15 दिनों में जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर प्राधिकरण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी कर सकता है। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद बीडीए ने इस मामले में गुपचुप कार्रवाई की है।
राजेंद्रनगर स्थित गाला गैलेक्सी होटल के पीछे विकास प्राधिकरण ने एक आवासीय नक्शा स्वीकृत किया था। शासन स्तर पर हुई शिकायत के मुताबिक वहां स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण हो रहा है। इसके बाद प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम शुक्रवार को मौके पर पहुंची और परिसर को सील कर दिया। बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि मास्टर प्लान एरिया में अनधिकृत निर्माण कराने वाले लोगों पर सख्ती की जा रही है। नक्शे के विपरीत कार्य नहीं होने दिया जाएगा। इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
कई अधिकारियों की संलिप्तता की शिकायत
शिकायत में एई और जेई की मिलीभगत होने की बात भी कही गई है। प्राधिकरण इसकी भी जांच कर रहा है। वहीं, देखा जाए तो यह पहला मामला नहीं है। बीडीए के प्रवर्तन दल और जोन के अधिकारी होने के बाद भी धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहे हैं।
होटल गाला गैलेक्सी के संचालक सुनील मनचंदा ने बताया कि बीडीए ने कार्रवाई क्यों की है? इसकी जानकारी सोमवार को हो सकेगी। बीडीए कार्यालय की छुट्टी होने के कारण कुछ पता नहीं चल सका है।