Bareilly News: नगर निगम के पॉश वार्ड 55 में सुविधाओं का अभाव, 'संवाद' में स्थानीय लोगों ने बताईं समस्याएं
बरेली के वार्ड 55 में 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के बावजूद सुविधाओं का अभाव है। अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। यहां के निवासियों ने नालियों की सफाई न होने, मच्छरों के प्रकोप और कूड़ा कलेक्शन के अनियमित समय की शिकायत की। गहरे नालों की सफाई न होने से बदबू और जलभराव होता है। वार्ड में कुत्तों और बंदरों का आतंक भी है।
विस्तार
बरेली में 30 हजार की आबादी वाले वार्ड 55 में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य हो चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी सुविधाओं का अभाव है। नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिसके चलते वार्ड में कई जगह गंदगी व नालियों के मच्छर पनप रहे हैं। ये समस्या अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में वार्ड के लोगों ने साझा की। लोगों का कहना है कि शहर का पॉश वार्ड में तमाम समस्याएं बनी हुई हैं।
अशोक गुप्ता ने बताया कि कॉलोनी में पिछले महीने ही सड़क का निर्माण कराया गया है, लेकिन नाली की सफाई नियमित नहीं हो रही है। बताया कि गर्मी के चलते अब मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, लेकिन निगम की ओर से फॉगिंग नहीं हो रह है इसे जल्द कराना चाहिए जिससे मच्छरों से निजात मिल सके। जितेंद्र अग्रवाल ने बताया कि कॉलोनी के बाहर गहरे व बड़े नाले बने हुए हैं लेकिन उनकी सफाई नहीं हो पा रही है। सेटेलाइट पर हुई घटना के बाद नाले पर बैरिकेड तो करा दिया गया लेकिन सफाई नहीं हो रही है। इससे वहां रहने वाले लोगों को बदबू का सामना करना पड़ता है, लोगों को परेशानी होती है।
सुधीर कुमार अस्थाना ने बताया कि नाले की सफाई न होने के कारण बरसात में पानी सड़कों व घरों में भरता है। वार्ड में कई निचले इलाके भी है, जिससे वहां पर निकलने में परेशानी होती है। नाले में लोग अपने घरों का कूड़ा भी फेंक देते हैं। पन्नी से नाले चोक हो गए हैं। प्रमोद गंगवार ने बताया कि डोर-टू-डोर कूडा कलेक्शन की गाड़ी का समय नियमित नहीं है, कभी गाड़ी सुबह आती है लेकिन कभी दोपहर तक आती है जिससे कई बार कूड़ा देने में समस्या आती है।
कुत्तों और बंदरों का आतंक
वार्ड के कई मोहल्लों में कुत्तों व बंदरों का आतंक भी है। कुत्तों का झुंड अक्सर गलियों में दिखाई देता है। कई बार कुत्तों के हमले की घटनाएं भी हो चुकी हैं, निगम से भी इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला। निगम को जल्द ही यहां से कुत्तों को पकड़वाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान रोहताश गुप्ता, अशोक गुप्ता, दीन दयाल मौर्य, सुधीर अग्रवाल, रीता अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
सड़क पर अतिक्रमण
अमित गुप्ता ने बताया कि वार्ड 55 में शहर की पॉश कॉलोनियां आती हैं लेकिन उसके बाद भी यहां पर सुविधाओं का अभाव है। कई जगह की सड़कें टूटी है इन्हें ठीक कराना चाहिए। हर्ष चौहान ने बताया कि सड़कों पर कई जगह अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे वहां से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, पुलिस चौकी से लेकर पुल की ओर जाने वाला रोड बहुत व्यस्त रहता है जिससे लोगों को परेशानी होती है। मृदुल गंगवार ने बताया कि गर्मी बढ़ने की वजह से मच्छर का प्रकोप ज्यादा बढ़ गया है, वार्ड की सभी कॉलोनियों में नियमित फॉगिंग करानी होगी जिससे मच्छर का प्रकोप कम हो सके।
पार्षद नवल किशोर मौर्य ने बताया कि वार्ड में 12 करोड़ रुपये से विकास के कार्य हो रहे हैं। कई जगह रोड़ का निर्माण चल रहा है तो कहीं निर्माण शुरू होने वाला है। मच्छरों के लिए निगम से कहकर फॉगिंग कराई जाएगी। वार्ड के पुलिस चौकी से नाले की शुरुआत हो चुकी है जिससे जल भराव से मुक्ति मिलेगी।