UP: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बनकर टिकट के नाम पर पूर्व विधायक से ठगी की कोशिश, एक जालसाज गिरफ्तार
Bareilly News: लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही ठग भी सक्रिय हो गए हैं। बरेली के नवाबगंज में दो शातिरों ने टिकट के नाम पर पूर्व विधायक से ठगी करने की कोशिश की। शातिर ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बनकर पूर्व विधायक को कॉल किया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बरेली में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नवाबगंज के दो युवकों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम पर पूर्व विधायक से ठगी करने की कोशिश की। शिकायत मिलने पर जांच पड़ताल की तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने रविंद्र मौर्य नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी शाहिद फरार है। पुलिस उसे तलाश कर रही है। नवाबगंज थाने में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी रविंद्र ने जनवरी में पीलीभीत के बरखेड़ा के विधायक रहे किशनलाल राजपूत से फोन पर नौ बार कॉल किया था। उसने खुद को केंद्रीय मंत्री अमित शाह बताया और लोकसभा चुनाव के लिए टिकट का लालच देकर रुपये ऐंठने की कोशिश की। शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगाया और पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
एक युवक से छीना था सिम
पूछताछ में पता चला कि रविंद्र जिस नंबर से कॉल करता था, वह हरीश के नाम पर है। हरीश नवाबगंज के गांव समूहा का रहने वाला है। पुलिस ने उससे पूछताछ की। हरीश ने बताया कि उसने यह सिम दिसंबर 2023 में खरीदा था। रविंद्र और शाहिद ने जबरदस्ती धमकार उससे छीन लिया था।
पुलिस के मुताबिक इसी नंबर से पूर्व विधायक किशनलाल को कॉल किया गया। जब रविंद्र को पूछताछ के लिए थाने बुलाया तो उसने सिम नष्ट करके फेंक दिया। ट्रूकॉलर एप पर उक्त फोन नंबर गृह मंत्रालय नई दिल्ली के नाम से पाया गया। व्हाट्सएप पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तस्वीर लगा रखी थी।
UP: यहां अवैध कॉलोनियों पर फिर चला बुलडोजर, कार्रवाई से खलबली; प्लॉट खरीदने से पहले जरूर करें ये काम
इंस्पेक्टर क्राइम विनोद कुमार के मुताबिक रविंद्र और शाहिद गिरोह बनाकर इस तरह की धोखाधड़ी करते हैं। यह गिरोह राजनीतिक दल के सांसदों और विधायकों पर पूरी नजर रखता है। मौका आने पर ठगी करता है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रविंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी शाहिद की तलाश की जा रही है।