रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार: थाने के बाहर किसान से लिया पांच हजार रुपये का लिफाफा, एंटी करप्शन टीम ने दबोचा
मीरगंज में कानूनगो ने तूदाबंदी करने के एवज में किसान से सात हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। किसान ने उसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में की। एंटी करप्शन टीम ने शनिवार को कानूनगो को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के मीरगंज थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस के दौरान कानूनगो श्यामलाल को पांच हजार रुपये घूस लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम उसे कार में डालकर सीबीगंज थाने ले गई। वहां उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
थाना समाधान दिवस में तहसीलदार भानु प्रताप की अध्यक्षता में फरियादियों की शिकायतें सुनी जा रही थीं। उसमें कानूनगो श्यामलाल भी बैठा था। तभी नौसना गांव के किसान हबीब अहमद ने उसे कॉल कर बाहर बुलाया। श्यामलाल थाने के गेट से बाहर आया तो किसान ने उसे सफेद लिफाफा थमा दिया। लिफाफे में पांच हजार रुपये थे।
उसे पकड़ते ही थोड़ी दूर खड़ी एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो को दबोच लिया। वहां विरोध को भांपते हुए टीम आरोपी को सीबीगंज थाने ले आई। वहीं उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी को रविवार को जेल भेजा जाएगा।
तूदाबंदी कराने के नाम पर मांगे थे रुपये
सीबीगंज। हबीब अहमद और नबी अहमद ने कुछ दिनों पहले पौने दो बीघा जमीन की तूदाबंदी (पैमाइश) कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। इसकी सरकारी फीस एक हजार रुपये भी बैंक में जमा करा दी थी। आरोप है कि तूदाबंदी कराने के लिए कानूनगो श्यामलाल ने हबीब से सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी। कहा कि रुपये नहीं दोगे तो तुम्हारा कोई काम नहीं हो पाएगा। हबीब अहमद ने पांच हजार रुपये में सौदा तय कर लिया। फिर 20 दिसंबर को एंटी करप्शन कार्यालय पहुंचकर कानूनगो की शिकायत कर दी थी। संवाद
भ्रष्ट है कानूनगो
हबीब की शिकायत पर प्रभारी निरीक्षक ने टीम तैयार की। डीएम को मामले की जानकारी देकर उनसे दो गवाह लिए। एंटी करप्शन टीम ने एक दिन पहले मीरगंज में घूमकर कानूनगो श्यामलाल के बारे में जानकारी जुटाई। पता लगा कि वह भ्रष्ट प्रवृत्ति का है और रुपये लिए बिना कोई काम नहीं करता है। इसके बाद गिरफ्तारी की रूपरेखा बनाई गई। शनिवार को टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि एंटी करप्शन की टीम ने मीरगंज से कानूनगो को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ सीबीगंज थाने में रिपोर्ट कराई गई है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।